bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

प्लांट विरोधियों का पुलिस पर हमला

जगदलपुर.injured टाटा संयंत्र के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे करीब सौ ग्रामीणों ने बुधवार रात 9 बजे ग्राम दाबपाल के पास पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस इन लोगों ने पुलिस की जीप के कांच फोड़ दिए और अफसरों और जवानों की बेदम पिटाई की। भीड़ द्वारा फेंके गए पत्थर से घायल एएसआई अनंतराम नाग समेत अन्य जवानों को अस्पताल में दाखिल किया गया है।

लोहंडीगुड़ा पुलिस को कल रात सूचना मिली थी कि ग्राम दाबपाल के पास कुछ संदिग्ध लोग घूम रहे हैं। एएसआई नाग के नेतृत्व में पुलिस दल को जांच करने भेजा गया। पुलिस दल पड़ताल के बाद बेलर, बड़ांजी के रास्ते लौट रहा था। सड़क पर खड़े करीब सौ लोगों ने दाबपाल मुख्य मार्ग पर पुलिस जीप को रोक लिया।

कुछ ग्रामीणों के पास तीर-धनुष और फरसे भी थे। जीप के रुकते ही ग्रामीण पुलिस पर टूट पड़े। पुलिस को बचाव का मौका तक नहीं मिला। हमले में जीप चालक प्रभुलाल, प्रधान आरक्षक प्रकाश सिंह बघेल, सीएफ के जवान संतोष टोप्पो को भी चोट आई है। उन्हें महारानी अस्पताल में दाखिल किया गया।

पुलिस के अनुसार हमला करने वाले ग्रामीणों का कहना था कि लोहंडीगुड़ा में टाटा प्लांट के लिए जबर्दस्ती जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। इसे वे नहीं होने देंगे। कुछ ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों को धमकी दी कि इलाके में वे दुबारा गश्त करने आए तो जान से हाथ धो बैठेंगे।

कोतवाली पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, शासकीय काम में बाधा पहुंचाने, हमला करने का जुर्म कायम कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मारपीट की घटना के बाद गुरुवार सुबह एसपी जीपी सिंह फोर्स के साथ लोहंडीगुड़ा क्षेत्र में पहुंचे। उन्होंने बेलर और बड़ांजी के ग्रामीणों से चर्चा की। एसपी ने बताया कि बुधवार रात की घटना में शामिल कुछ लोगों के नाम पता चल गए हैं।

मुआवजा लेने के लिए दबाव : कुंजाम
अखिल भारतीय आदिवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता मनीष कुंजाम ने बताया कि प्रशासन भूमि अधिग्रहण के लिए ग्रामीणों के बैंक खातों में जबरन मुआवजे की राशि जमा करा रहा है।

क्या है मामला
जगदलपुर से करीब ४0 किलोमीटर दूर स्थित लोहंडीगुडा में १0 हजार करोड़ रुपए की लागत से लगने वाले टाटा के इस्पात संयंत्र के लिए १0 गांवों की करीब छह हजार एकड़ भूमि अधिगृहीत की जानी है।

603 प्रभावितों को मिला 18 करोड़
टाटा स्टील प्लांट से प्रभावित ग्रामीणों को मुआवजा बांटने का काम गुरुवार को भी जारी रहा। कलेक्टर गणोश शंकर मिश्रा ने बताया कि अभी तक 603 ग्रामीणों को 18 करोड़ 12 लाख रुपए की मुआवजा राशि बांटी जा चुकी है।

उन्होंने कहा कि करीब 500 हेक्टेयर भूमि का मुआवजा बांटा गया है। लोहंडीगुड़ा क्षेत्र के 8 गांव दाबपाल, बड़ांजी, बेलर, कुम्हली, धुरागांव, बेलियापाल तथा बड़ेपरोदा के ग्रामीण मुआवजा राशि ले चुके हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: