जालंधर छावनी. रामामंडी चौक में वीरवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सेना की बेकाबू बस पैट्रोल पंप में जा घुसी। हादसे में बच्चों व महिलाओं सहित
करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों को छावनी स्थित अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
ईएमई बटालियन दीप नगर जालंधर कैंट की बस में सैनिकपरिवार माथा टेकने श्री देवी तालाब मंदिर जा रहे थे कि अचानक बेकाबू हुई बस पैट्रोल पंप के साइन बोर्ड को तोड़ते हुए पंप की दीवार से जा टकराई।
कैंट थाने के एएसआई मनमोहन सिंह सिद्धू को दिए बयान में बस चालक जागेराम ने कहा कि बस में किसी अन्य कर्मचारी की ड्यूटी थी, लेकिन उसे भेज दिया गया। उसे देवी तालाब मंदिर का रास्ता भी मालूम नहीं था। जब उसने पीछे बैठे लोगों से रास्ता पूछना चाहा तो बस बेकाबू होकर पैट्रोल पंप में जा घुसी। पुलिस ने बताया कि हादसे में बस में सवार बच्चों व महिलाओं सहित 20 लोग घायल हुए हैं।
जहां बस दीवार से टकराई थी, वहीं जगदीश कुमार स्कूटर रिपेयर की दुकान चलाता है। हादसे में वह भी घायल हो गया। उधर, पंप अधिकारी सुनील भारद्वाज ने बताया कि उनका करीब साढ़े तीन लाख का नुकसान हुआ है।
हो सकता था बड़ा हादसा
अगर सेना की बस दीवार से न टकराकर पंप से जा टकराती तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। बस में लगभग 40 बच्चे व महिलाएं थीं। बस जिस दीवार से टकराई, उससे पंप की तीन मशीनें महज 5 फुट दूर थीं।