इंदौर. रामचंद्रनगर व हुकुमचंद कॉलोनी में एकसाथ छह संगीन चोरियों को लेकर गुरुवार को वहां के लोगों, अग्रवाल समाज केंद्रीय समिति व चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन का संयुक्त प्रतिनिधिमंडल आईजी राजेंद्र कुमार से मिला। सभी ने वारदातों के बाद पुलिस की लेतलाली व घटनास्थल पर खोजी श्वान नहीं आने की शिकायतों के साथ भड़ास निकाली।
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात बदमाशों ने चार्टर्ड अकाउंटेंट गिरधर गर्ग के घर से बारह लाख का माल चुरा लिया था। पांच और घरों को भी निशाना बनाया था। रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर पुलिस की ढिलाई से नाराज लोगों ने चक्काजाम भी किया था। इसे लेकर अग्रवाल समाज के महामंत्री अरविंद बागड़ी, चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन के अभिषेक गर्ग, रामचंद्र नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष केसी पोरवाल तथा भाजपा नेता निरंजन चौहान के साथ बड़ी संख्या में लोग आईजी से मिलने पहुंचे।
उनका कहना था वारदातों के बाद सुबह 5 बजे थाने से एएसआई तथा जवान गश्त करते हुए कॉलोनी में आए थे। उन्हें जानकारी भी दी लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया। एक उच्चाधिकारी ने अधीनस्थों को डांट लगाने की बजाए कह दिया थाने पर 40-50 जवानों का बल है और 170 कॉलोनियां। सब पर एकसाथ कैसे निगरानी रखी जा सकती है?
लोगों में खोजी श्वान मौके पर नहीं आने का भी गुस्सा था। आईजी ने बताया वह बीमार है, तो लोगों ने कहा ‘साहब, दूसरे की व्यवस्था कराइए।’ आईजी ने बताया आरोपों की जांच के आदेश हो गए हैं। कोई पुलिसकर्मी दोषी है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चोर भी जल्दी पकड़े जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल ने कहा 8 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन करेंगे।
रामचंद्रनगर में चोरियों के मामले में बदमाशों की धरपकड़
रामचंद्रनगर व हुकुमचंद कॉलोनी में बुधवार को हुई छह चोरियों को लेकर बदमाशों की धरपकड़ की जा रही है। मामले में एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने फिर से घटनास्थलों का निरीक्षण किया और लोगों के बयान लिए।
परिस्थितिजनक साक्ष्यों से पता चला है कि बदमाशों की संख्या छह थी और वे क्षेत्र में उत्पात मचाते रहे। एक महिला के बयान से एक बदमाश का हुलिया स्पष्ट हुआ है जिसका स्केच बनाया जा रहा है। इस बीच पुलिस ने शंका के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
पांच मिनट में निकाल लेते हैं ग्रिल व नकूचा :
सभी वारदातों में बदमाश खिड़की की ग्रिल या दरवाजे का नकूचा निकालकर अंदर घुसे। जांचकर्ताओं के मुताबिक खिड़की की ग्रिल निकालना बदमाशों के लिए आसान काम है।
नगर सुरक्षा समिति की अपील
बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर नगर सुरक्षा समिति ने लोगों से अपील की है कि वे उनसे सहयोग लें। अगर परिवार के सभी लोग बाहर जा रहे हैं तो वे सदस्यों से संपर्क करें। उनके लौटने तक सदस्य घरों की सुरक्षा करेंगे। इसके लिए एसपी ऑफिस स्थित समिति के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।