दसूहा. दो युवकों को कार में लिफ्ट लेना खासा महंगा पड़ा। एक की लुटेरों ने छुरा घोंपकर हत्या कर दी। नया भंगाला के प्रदीप कुमार वीरवार सुबह करीब 5 बजे भंगाला बस स्टैंड पर बलविंदर सिंह के साथ बस का इंतजार कर रहे थे। बलविंदर भी जालंधर में सेना की भर्ती के लिए जा रहा था। अचानक एक इंडिका रुकी। कार सवार 3 लोगों ने कहा कि वे जालंधर जा रहे हैं, ज्यादा पैसे नहीं लगेंगे। दोनों बैठ गए। कस्बा ऐमा मांगट के पास तीनों ने चाकू की नोक पर दोनों से नकदी निकालने को कहा।
नकदी, मोबाइल छीना
प्रदीप ने मोबाइल व 500 रु. सौंप दिए। बलविंदर ने भी 400 रु. दे दिए, पर मोबाइल छिपा लिया। इसी बीच, मोबाइल की घंटी बजी, इस पर नाराज लुटेरों ने उसकी छाती में छुरा घोंप दिया। लुटेरे मुकेरियां हाइडल नहर ऊंची बस्सी के पास घायल बलविंदर व प्रदीप को कार से बाहर फेंक फरार हो गए। प्रदीप ने घायल बलविंदर को राहगीरों के सहयोग से दसूहा के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।