News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
भारत, पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच में स्टेडियम के अंदर रन बरसे तो बाहर क्रिकेट प्रेमियों पर पुलिस ने डंडे बरसाए। पुलिस के डंडों के जवाब में क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ ने भी पथराव कर दिया। पथराव और लाठीचार्ज में तीस लोग घायल हुए।
घायलों में एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी भी शामिल है। आक्रोशित क्रिकेट प्रेमियों के पथराव में एक दर्जन से अधिक चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने आक्रोशित क्रिकेट प्रेमियों को तितर-बितर करने के लिए अश्रुगैस भी छोड़ी।
मैच देखने के लिए क्रिकेट प्रेमियों के रूपसिंह स्टेडियम पहुंचने का सिलसिला सुबह नौ बजे से शुरू हो गया था। दोपहर तीन बजे तक पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों को स्टेडियम के अंदर प्रवेश कराया। इसके बाद स्टेडियम के अंदर से क्रिकेट प्रेमियों का प्रवेश रोक देने का आदेश आया। यह आदेश आते ही मानसिंह चौराहा पर तैनात पुलिसकर्मियों ने क्रिकेट प्रेमियों को लौटाना शुरू कर दिया।
जिन क्रिकेट प्रेमियों को लौटाया जा रहा था उनके पास टिकट थे। यहां पुलिसकर्मियों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच गाली-गलौज भी हुआ, इसके बाद पुलिसकर्मियों ने आपा खो दिया और मानसिंह चौराहे पर टिकट लेकर खड़े क्रिकेट प्रेमियों को लाठी के जोर पर खदेड़ दिया।
पुलिस के बल प्रयोग से क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम के प्रवेश मार्ग से तो चले गए लेकिन स्टेशन बजरिया क्षेत्र में पहुंचते ही इनका गुस्सा भड़क गया। इन्होंने पहले स्टेशन बजरिया पर सड़क किनारे खड़ीं गाड़ियों को तोड़ना शुरू किया। यहां खड़ी एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को तोड़ने के बाद ये क्रिकेट प्रेमी हाथों में पत्थर लेकर वापस मानसिंह चौराहे की ओर लौटे और पुलिसकर्मियों पर पथराव कर दिया। स्थिति तनावपूर्ण होती देखकर स्टेडियम के अंदर स्थित पुलिस फोर्स को बाहर बुलाया गया और आक्रोशित क्रिकेट प्रेमियों पर लाठीचार्ज कर दिया गया।
पुलिसकर्मियों ने क्रिकेटकर्मियों को दो किलोमीटर के दायरे के बाहर खदेड़ दिया। पुलिस की लाठियां खाने के बाद क्रिकेट प्रेमी और उत्तेजित हो गए, वे स्टेडियम के आसपास से नहीं हटे तो पुलिसकर्मियों पर पथराव करते रहे। क्रिकेट प्रेमियों ने पड़ाव पुल पर चढ़कर पथराव शुरू कर दिया, इस पथराव में पड़ाव पुल के बगल से गुजरने वाले लोगों को हल्की-फुल्की चोटें लगीं।
पेट्रोल पंप बंद कराया
क्रिकेट प्रेमियों ने स्टेडियम के अंदर प्रवेश न करने देने पर उत्पात मचाया तो पुलिस ने एहतियात के तौर पर मानसिंह प्रतिमा के पास स्थित पेट्रोल पंप को बंद करा दिया। बताया जाता है कि उत्तेजित क्रिकेट प्रेमियों ने पेट्रोल पंप भी पथराव कर दिया था, इसके चलते पुलिस अफसरों ने पेट्रोल पंप को बंद करवा दिया।
स्टेशन बजरिया की दुकानें बंद
क्रिकेटकर्मियों और पुलिसकर्मियों के बीच हुई झड़प के बाद स्टेशन बजरिया की ओर भागे क्रिकेट प्रेमियों ने यहां दुकानों की लूटपाट करने की कोशिश भी की। स्टेशन बजरिया पर ही पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाने वाले रामकिशन के ठेले को भागते क्रिकेट प्रेमियों ने पलट दिया। यह देखकर स्टेशन बजरिया की सारी दुकानें बंद करवा दी गईं।
मैच नहीं देख पाए तो ट्रेनों पर पथराव किया
भारत-पाक वन डे मैच देखने से वंचित रह गए दर्शकों ने शाम को केरला व झेलम एक्सप्रेस पर पथराव कर दिया। इसके बाद ट्रेनों को सुरक्षित निकालने के लिए आरआरआई केबिन व पुल के नीचे पुलिस फोर्स लगाया गया। शाम चार बजे तक हाथों में टिकट लिए दर्शकों को जब पुलिस ने प्रवेश करने से रोक दिया तो उन्होंने समीप स्थित स्टेशन व केबिन की तरह रुख कर दिया।
क्रोधित दर्शक पुल के नीचे पहुंच गए और रेल पटरियों के पास पड़ी गिट्टियों को उठाकर ग्वालियर आई झेलम व केरला एक्सप्रेस पर पथराव शुरू कर दिया। यात्रियों ने अपने आप को जैसे-तैसे सुरक्षित किया। उसके पश्चात क्रोधित दर्शक भाग निकले।
रेल सड़क पुल के पास बनी आरआरआई केबिन से स्टेशन प्रबंधन को सूचना दी गई। उसके बाद जीआरपी व आरपीएफ स्टाफ को एनाउंसमेट कर तुरंत आरआरआई केबिन पर पहुंचने को कहा गया। ट्रेनों को सही सलामत चलाने के लिए रेलवे ने पथराव की घटना के बाद पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया। उसके बाद कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम की ओर से आने वाले हर दर्शक पर नजर रखी गई।
झांसी से आ रही ताज एक्सप्रेस पर भी कहीं दर्शक पथराव नहीं कर दें इसे ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म नम्बर चार पर रेलवे कर्मचारियों के अलावा पुलिस बल को भी तैनात कर दिया। तब कहीं ताज एक्सप्रेस को सुरक्षित तरीके से प्लेटफार्म नम्बर चार पर लाया गया।
पुलिस का वज्र हुआ फेल
आक्रोशित क्रिकेट प्रेमियों को तितर-बितर करने के लिए बुलाया गया पुलिस का वज्र नाकाम हो गया। पुलिस अफसरों ने वज्र पर तैनात कर्मचारी को पानी फेंकने के लिए कहा, उसने पानी फेंकने का प्रयास भी किया लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वह प्रयास में सफल नहीं हो पाया। इसके बाद वज्र को एक तरफ खड़ा करवा दिया गया।
सांसद सिंधिया के खिलाफ नारेबाजी
टिकट लेने के बावजूद स्टेडियम के अंदर जाने के लिए संघर्ष कर रहे क्रिकेट प्रेमियों ने शिवपुरी-गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ नारेबाजी की। नारेबाजी करने वाले लोगों का कहना था उन्होंने टिकट खरीदे हैं लेकिन श्री सिंधिया ने लोगों को उपकृत करने के लिए अधिक संख्या में फ्री पास छपवाए इस कारण वे स्टेडियम के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए।
पुलिस ने किया मिर्च पाउडर का प्रयोग
जब पुलिस का वज्र नाकाम हो गया तो तुरत-फुरत ही पुलिसकर्मियों को मिर्च पाउडर का स्प्रे कंटेनर वितरित कराया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने डंडा मारकर क्रिकेट प्रेमियों को भगाया साथ ही मिर्च पाउडर स्प्रे भी किया।