bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

गाड़ी-अमला सरकारी, नेता की बेगारी

बिलासपुर. भूखंड के आसपास के व्यवसायियों व निवासियों ने बताया कि यह भूखंड सिंधी समाज के किसी नेता का है। यहां निगम के डंपरों से रोज आधी रात के बाद करीब ३0-३५ डंपर मिट्टी लाकर डाली जा रही है। इस भूखंड पर क्या बन रहा है, यह पूछने पर लोगों ने अनभिज्ञता जाहिर की। बताया जाता है कि यहां देर रात चोरी छिपे मिट्टी फिलिंग की जाती है।

यह मामला तब प्रकाश में आया, जब भूखंड के पीछे बस्ती में रहने वाले कुछ युवकों का हाल ही में इस प्लाट में फिलिंग करा रहे एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद होने पर युवक ने जैसे ही मोबाइल किया, तीन-चार वाहनों में एक नेता युवकों को लेकर पहुंच गया।

इतने में युवकों ने भी निगम के एक जनप्रतिनिधि व कर्मचारी नेता को बुला लिया। फिर क्या था? भूखंड वाले नेता ने अपने सहप्रतिनिधि से हाथ मिला लिया और अपने गुर्गो को वापस वाहन में बैठने कहा। इसके बाद इस मामले को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई।

थ्री स्टार होटल की चर्चा
आम लोगों ने भले ही यह नहीं बताया कि यहां क्या बन रहा है, लेकिन शहर में इस बात की चर्चा जारों पर है कि इस भूखंड पर थ्री स्टार होटल का निर्माण कराया जा रहा है।

सभापति खुलकर सामने आए
सभापति विनोद सोनी ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उन्हें इस आशय की सूचना मिली थी। कल रात ढाई बजे तक वे उसी प्लाट के सामने खड़े थे। उन्होंने एक साथ तीन डंपरों को पकड़ा, जिसमें मिट्टी भरी थी। पूछताछ में डंपर के चालकों ने बताया कि वे चेयरमैन के कहने पर दयालबंद दुर्गा मंदिर के पास से मिट्टी लाकर यहां डाल रहे हैं।

इसके पूर्व उन्हें रेत की पर्ची दी जाती थी, जिससे कुदुदंड मां तुलजा भवानी मंदिर घाट से रेत लाकर डाली गई। अब यहां मिट्टी डालने का काम चल रहा है। सभापति ने डंपर चालकों व कर्मचारियों से पर्ची व उनका लिखित बयान लिया है। कर्मचारियों ने यह भी बताया है कि दयालबंद दुर्गा मंदिर के पास मिट्टी लोड करने के लिए एक्सीवेटर तक लगाया गया है।

राजस्व वसूली व दंडात्मक कार्रवाई की मांग
नेता प्रतिपक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि नगर निगम के वाहनों व कर्मचारियों का व्यक्तिगत लाभ के लिए दुरुपयोग अपराधिक मामला है। यह वित्तीय अपराध की श्रेणी में आता है। नगर निगम का अमला व परिसंपत्तियां जनता के हित के लिए हैं, न कि जनप्रतिनिधियों के व्यक्तिगत लाभ के लिए।

कांग्रेस पार्षद दल महापौर व आयुक्त से इस मामले में जवाब तलब करेगा। उन्होंने निगम के संसाधन के निजी उपयोग को शर्मनाक बताते हुए संबंधित पार्टी से राजस्व वसूली व इस मामले में लिप्त जनप्रतिनिधियों व अफसरों के खिलाफ अपराधिक मामला दर्ज कराने की मांग की है।

परीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी
प्रभारी निगम आयुक्त कार्यपालन यंत्री ओपी तिवारी ने कहा कि मेरी जानकारी में अभी कुछ नहीं है। सुबह सभापति ने जरूर सूचना दी थी कि उन्होंने रात में अवैध रुप से व्यापार विहार के एक प्लाट में निगम के गाड़ियों को मिट्टी डालते पकड़ा है। पूरी जानकारी कलेक्ट करने के बाद मामले का परीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।

कुछ पता नहीं है
वाहन शाखा के प्रभारी सदस्य विजय ताम्रकार ने कहा कि भूखंड की फिलिंग में निगम के वाहनों की बात मेरी जानकारी में नहीं आई है। हो सकता है कि डंपर के चालक परिचालक ने सौ-पचास के चक्कर में ऐसा किया होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: