bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

इंजीनियर से मारपीट

सरवाड़. बिजली मीटरों की जांच करने सतर्कता दल के साथ आए बिजली विभाग के सहायक अभियंता के साथ गुरुवार को आक्रोशित लोगों ने गाली गलोच करते हुए मारपीट कर दी। लोगों का गुस्सा देख एइएन को मौके से भागना पड़ा।

जानकारी के अनुसार कस्बे के दूधड़िया बाजार के आगे स्थित गोटा मशीन संचालकों द्वारा लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायत मिल रही थीं। गुरुवार को अजमेर डिस्कॉम के पुलिस उप अधीक्षक भंवरलाल सिसोदिया मय जाब्ता सरवाड़ पहुंचे जहां एइएन बीएस सोनी व अन्य के साथ वे सुबह करीब 11 बजे दूधड़िया बाजार के आगे गोटा मशीन चलाने वाले अब्दुल्ला पुत्र अल्लाबेली के घर गए। उन्होंने अभी बिजली के मीटर की जांच करने का कार्य शुरू किया ही था कि आस-पास के गोटा मजदूर एकत्रित हो गए। उन्होंने सहायक अभियंता बीएस सोनी पर रिश्वत लेने एवं उन्हे परेशान करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली गलोच कर मारपीट कर डाली। घबराए सोनी दल को छोड़कर जीप से कार्यालय की ओर भाग छूटे।

इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सिसोदिया को आड़े हाथ लिया और उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाते हुए सोनी को हटाने की मांग की। इस पर सिसोदिया ने फोन कर सोनी को वापस मौके पर बुलाया। वापस आने के बाद उन्हे फिर बेकाबू भीड़ के आक्रोश का सामना करना पड़ा। पुलिस की समझाईश से मामला शांत हुआ। लोगों ने उनसे उतारे गए मीटर को बदलकर नया मीटर लगाने की मांग की। जिस पर सोनी ने नियमानुसार 2 हजार 350 रुपए जमा कराने के लिए कहा तो भीड़ जुर्माना राशि नहीं देने पर अड़ गई। इसके बाद सिसोदिया ने वार्ता के लिए गोटा मजदूर संघ के शिष्टमंडल को बिजली कार्यालय बुलाया। सूचना पर केकड़ी डीएसपी भी मौके पर पहुंच गइर्ं।

जुर्माना जमा कराया
अजमेर जिला देहात महामंत्री राधेश्याम पोरवाल के नेतृत्व में गोटा मजदूर संघ के अध्यक्ष पीर मोहम्मद अंसारी, सचिव हमीद अंसारी व अन्य मजदूरों ने अधिकारियों से वार्ता कर समस्या समाधान की मांग की। सिसोदिया की समझाइश पर अब्दुल्ला ने दो हजार का जुर्माना एवं 350 रुपए मीटर बदलने का चार्ज जमा करवाकर मीटर बदलवाया।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस उपअधीक्षक सिसोदिया ने बताया कि कस्बे में बिजली चोरी की शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंची है तथा उनके आदेश से ही यह कार्रवाई की गई है।

यह था मामला
दल को जांच के दौरान अब्दुल्ला पुत्र अल्लाबेली के मकान में लगा मीटर बंद मिला था। उसने दल को बताया कि उसके मीटर को बिजली विभाग के कर्मचारियों ने खराब किया था जिसकी शिकायत उसने स्थानीय अधिकारियों को की, इसके बावजूद मीटर नहीं बदला। उसने बताया कि सहायक अभियंता ने गोटा मजदूरों को परेशान करने की नीयत से दल को पहले उसी के घर का रास्ता दिखाया।

* मेरे पास मारपीट की रिपोर्ट नहीं आई। अजमेर से विजिलेंस टीम के साथ सोनी मौके पर गए थे जहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
-यूके जैन, एक्सईएन, नसीराबाद





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: