अजमेर. पूजा एक्सप्रेस से बगैर टिकट आई संदिग्ध युवती को टिकट चैकिंग स्टाफ ने स्टेशन पर पकड़ लिया। उसे लेने स्टेशन गए युवक और युवती के बयानों में विरोधाभास होने से उन्हें जीआरपी के हवाले कर दिया गया। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
गुरुवार दोपहर जयपुर की रहने वाली
नीलम मीणा पूजा एक्सप्रेस से अजमेर पहुंची। उसे स्टेशन पर लेने रामगंज निवासी सियाराम मीणा आया। फस्र्ट क्लास के गेट पर टीसी ने दोनों से टिकट पूछा तो सियाराम ने प्लेटफार्म टिकट दिखा दिया। नीलम के पास टिकट नहीं होने के कारण उसे नहीं जाने दिया गया। उसे लेने आया युवक भी उसे वहीं छोड़ कर चलता बना। इससे स्टाफ को शक हुआ और युवती को प्रधान टिकट संग्राहक नौरतमल कुमावत के हवाले कर दिया।
नीलम ने उन्हें बताया कि वह जम्मू-कश्मीर विश्वविद्यालय से बीएड कर रही है। बोर्ड की मार्कशीट में माता-पिता का नाम गलत होने के कारण वह उसमें संशोधन कराने अजमेर आई है। कुमावत ने युवती के पिता से फोन पर बातचीत की तो उन्होंने अजमेर आने में असमर्थता जाहिर करते हुए उसे छोड़कर ट्रेन में बैठाने का आग्रह किया। इतने में सियाराम फिर उसे लेने वहां आ गया। उसने बगैर टिकट यात्रा करने का जुर्माना और टिकट राशि का भुगतान करते हुए कहा कि युवती का भाई उसका दोस्त है। उसी के कहने पर वह स्टेशन आया है। जब उससे भाई का नाम पूछा गया तो वह नहीं बता पाया।
युवती भी कई सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे पाई। बयानों में विरोधाभास होने पर टिकट चैकिंग स्टाफ ने दोनों को जीआरपी के हवाले कर दिया। उनसे पूछताछ की जा रही है।