News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. ‘..बाड़ ही खेत को खाने लगे..’। यह कहावत वीरवार पीयू में सही साबित हुई। पीयू की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले सिक्योरिटी स्टाफ के 2 लोग ही फार्म चोरी करके बेच रहे थे। पकड़े जाने पर दोनों ने चोरी की बात कुबूल की।
पीयू प्रशासन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। पिछले दिनों पीयू से यूबीएस में एंट्रेंस के लिए आई फार्म की खेप में से 50 हजार रुपए के 50 फार्म गायब पाए गए। पीयू ने गायब हुए फार्म के सीरियल नंबर नोट कर लिए।
इस बीच पीयू के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक में तैनात यादविंद्र सिंह और लॉ डिपार्टमेंट में तैनात जंग सिंह ने चोरी छिपे इन फार्र्मो की बिक्री शुरू कर दी। दोनों पीयू के सिक्योरिटी स्टाफ में दिहाड़ीदार हैं। दोनों ही रोजाना एक-दो फार्म बेच रहे थे। इस बीच स्टूडेंट ने चोरी हुए फार्म खरीदने के बाद यूबीएस में जमा करवाने शुरू कर दिए।
वहां पर इन 50 फार्र्मो का सीरियल नंबर पहले ही पड़ा था। लिहाजा, जब स्टूडेंट्स से इन फार्र्मो की खरीद की जगह पूछी गई तो उन्होंने बता दिया कि यह फार्म पीयू में दो कर्मचारियों से खरीदे हैं। इसके बाद वीरवार पीयू की ओर से इन दोनों कर्मचारियों की पकड़ने के लिए जाल बिछाया और दोनों पकड़े गए।
इसके बाद पहले तो इन दोनों ने बहाने बनाने की कोशिश की, लेकिन बाद में यह सच कुबूल कर लिया कि उन्हें यह फार्म का बंडल मिला और पीयू को सूचित करने की बजाय फार्म बेचने शुरू कर दिए। इसके बाद पीयू प्रशासन ने इन दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।