News
International International ढाका/अगरतला:
बंगाल की खाड़ी में उठे भीषण चक्रवाती तूफान ‘सिदर’ के कारण बांग्लादेश के दक्षिण-पश्चिमी तटवर्ती इलाके में एक हजार से अधिक लोगों के मरने और सैकड़ों के घायल होने की खबर है। बांग्लादेश के समुद्र तटों पर 240 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं। तूफान को देखते हुए करीब साढ़े छह लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
अपुष्ट खबरों के मुताबिक मृतकों की संख्या एक हजार से भी अधिक हो सकती है। पुष्टि केवल 233 मौतों की हुई है। चक्रवाती तूफान का रुख अब भारतीय राज्य त्रिपुरा की ओर हो गया है।
हालांकि तूफान की तीव्रता कम होती जा रही है, लेकिन इसके कारण आगामी चौबीस घंटे में मणिपुर, मिजोरम, दक्षिण असम और मेघालय में भारी बारिश होने की संभावना है। बांग्लादेश में हजारों घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है। प्रारंभिक सूचनाओं के अनुसार, सर्वाधिक प्रभावित बारकूना जिले में करीब 500 लोग मारे गए हैं। तूफान के बाद से 500 ट्रॉलर और 5000 मछुआरे लापता हैं।
बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन सचिव अयूब मियां ने बताया कि दूरदराज के इलाकों व तटीय द्वीपों तक राहतकर्मियों के न पहुंच पाने के कारण वहां हुए नुकसान का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। अन्य स्थानों पर सेना के जवान और वायुसेना के हेलिकॉप्टर लगातार राहत कार्य में जुटे हैं। सुंदरवन तथा खुलना और बोरीसाल जिले भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
ज्यादातर मौतें तूफान के कारण पेड़ों और इमारतों के गिरने और लोगों के उसके नीचे दबने से हुई हैं। ढाका स्थित चक्रवात कंट्रोल रूम की अधिकारी नाहिद सुल्ताना ने बताया कि तेज बारिश और समुद्र में उठी पांच मीटर ऊंची लहरों के कारण कई लोग लापता हैं।