जयपुर. भारत-पाक वन-डे क्रिकेट सीरीज का फैसला हालांकि ग्वालियर में हो चुका है, फिर भी सीरीज के अंतिम मैच के लिए शहर के क्रिकेट प्रेमियों ने गजब की
दीवानगी दिखाई है। खासकर छात्र-छात्राओं में रविवार को होने वाले जयपुर मैच का जबरदस्त क्रेज है।
छात्रों को रियायती दर पर टिकट देने के लिए शुक्रवार को राजस्थान विश्वविद्यालय में काउंटर खोला गया। टिकट की कमी के बीच अपनी उम्मीद बनाए रखने के लिए गुरुवार रात 11 बजे से ही विवि. के बाहर छात्रों की कतार बनने लगी। तड़के 4 बजे तक तीन हजार से ज्यादा छात्र कतार में थे। इस बीच कई बार छात्र आपस में उलझे। हॉस्टलर्स के साथ बाहरी छात्रों की दखल बढ़ी तो शोर-शराबा हुआ। छात्रों ने बेरिकेड्स तोड़े, कंट्रोल के लिए लगाई टीनें उखाड़ दीं। एक-दूसरे पर पत्थर भी फेंके।
सुबह करीब 10 बजे टिकट बिक्री शुरू हुई। दोपहर 1 बजे जैसे ही टिकट खत्म होने की घोषणा हुई, छात्र सड़क पर आ गए। 150 रुपए के एक टिकट के लिए 14 घंटे नींद , भूख-प्यास भुलाए बैठे छात्र टिकट नहीं मिलने पर बिफर गए। अंतत: पुलिस को ही लाठियां भांजनी पड़ी।