जयपुर. आयकर विभाग ने शुक्रवार को कालवाड़ रोड इलाके में पांच स्थानों पर छापे मारे तथा दो जगहों पर सर्वे की कार्रवाई की।
आयकर निदेशक (अन्वेषण) डीएस चोपड़ा ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलरों के पांच ठिकानों पर छापे की कार्रवाई की गई तथा दो जगहों पर सर्वे शुरू हुआ। सुबह शुरू हुई कार्रवाई के दौरान चालीस लाख रुपए नकद मिले तथा बड़ी मात्रा में जमीनों की खरीद-फरोख्त के कागजात मिले हैं। अन्य दो जगहों पर चल रही सर्वे की कार्रवाई में प्रॉपर्टी के कागजात मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। इसके साथ वहां मिले कम्प्यूटरों का रिकार्ड भी चैक किया जा रहा है।
विभाग के अधिकारी देर रात तक प्रॉपर्टी का ब्योरा तथा अघोषित आय की जांच में लगे हुए थे। विभाग का मानना है कि जांच में बड़ी मात्रा में अघोषित आय उजागर होने की उम्मीद है।