उदयपुर. गोगुंदा थाना क्षेत्र के ईसवाल गांव में रंजिश के चलते बदमाशों ने किराणा व्यवसायी दीपक (35) पुत्र खुबीलाल सिंघवी व उनकी पत्नी मीना (30) अपनी
दुकान भारत किराणा स्टोर पर बैठे थे। गुरुवार शाम चार बजे कार में सवार होकर आए पांच-छह युवकों ने स्टीक व लट्ठ से अचानक दुकान पर धावा बोलकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। सामान बिखेर कर काफी नुकसान पहुंचाया। बीच बचाव करने आये सिंघवी दंपती पर प्राणघातक हमला कर उन्हें रक्तरंजित कर दिया। बाद में आरोपी फरार हो गये। आरोपियों ने मीना के गले से सोने की ढाई तोला स्वर्ण चेन व गल्ले में रखे दस हजार रुपए नकद भी लूट ले गये।
सूचना पर डिप्टी (गिर्वा) योगेश गोयल व गोगुंदा थानाधिकारी रतनलाल मौके पर पहुंचे। इधर गंभीर घायल दंपती को शहर में भूपालपुरा के समीप निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हमले मे मीना के जबड़े में दो फ्रेक्चर आए। शुक्रवार दोपहर को ऑपरेशन किया गया। पुलिस ने दीपक की रिपोर्ट पर ईसवाल निवासी लक्ष्मणसिंह पुत्र नाहरसिंह व लक्ष्मणसिंह पुत्र बहादुरसिंह सहित छह जनों के खिलाफ दुकान में घुसकर जान लेवा हमला करने व लूट पाट करने का मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
रंजिश का मामला
जानकारी के अनुसार लक्ष्मणसिंह पुत्र नाहरसिंह गोगुंदा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशिटर है। इसकी दीपक से रंजिश है। जानकारी के अनुसार दीपक की दुकान पर कार्यरत अपंग नौकर ईसवाल निवासी गणोशसिंह के मकान पर एक माह पूर्व पथराव किया गया। इस मामले में आरोपियों ने दीपक व गणोश सिंह के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज करवा दिया। बाद में दीपक की तरफ से भी मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।