भोपाल. राजधानी में रात के वक्त लूट की वारदातों में लगातार इजाफा हो रहा है। मोबाइल फोन और पर्स झपटने के बाद अब बदमाश लोगों को रोककर पैसे छीन रहे हैं। अशोका गार्डन और शाहपुरा इलाके में दो दिन से लगातार लोगों को रोककर लूट की वारदातें हो रही हैं।
शहर के भेल और नए शहर की सूनी और अंधेरे में डूबी सड़कें लुटेरों के लिए ज्यादा मुफीद हैं। लिंक रोड, सुभाष स्कूल के सामने, एकांत पार्क, शाहपुरा रोड, सोनागिरी, इंद्रपुरी और भेल की अन्य बस्तियों में लोग लगातार लूट के शिकार हो रहे हैं।
हर रोज नए अपराधी:
पुलिस जब भी लुटेरों को पकड़ने का दावा करती है उसके बाद भी लगातार वारदातें होती हैं। पुलिस जिन लुटेरों को पकड़ती है वे नए अपराधी होते हैं।
गश्त नहीं होती
शहर की सूनी सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी नहीं रहती। पहले पुलिस ने सूनी सड़कों पर गश्त की योजना को अंजाम दिया था, सिविल ड्रेस में पुलिसकर्मी दूरदराज की बस्तियों में घूमे भी थे, लेकिन यह व्यवस्था बंद हो गई।
चौराहों पर ध्यान
राजधानी पुलिस अपना पूरा ध्यान न्यूमार्केट और 10 नंबर के आसपास के इलाके पर लगाती है। इन चौराहों पर पुलिस की मौजूदगी और व्यवस्था चाक-चौबंद रहती है, लेकिन बाकी शहर इससे अछूता रहता है।