भोपाल. भोपालवासियों को फख्र करने के लिए एक और मौका मिल गया है। यह मौका दिया है, इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन आफ इंडिया के एक ताजातरीन सर्वे ने। इंटरनेट का उपयोग करने के मामले में भोपालवासियों ने महानगर का रूप ले चुके बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणो और अहमदाबाद को पछाड़ दिया है। वह भी तब, जबकि यह शहर सूचना प्रौद्योगिकी में भोपाल से कहीं आगे हैं।
इंटरनेट एंड मोबाइल एसोसिएशन आफ इंडिया हर साल देश में इंटरनेट उपयोग के बारे में सर्वे करता है। इंडियन मार्केट रिसर्च ब्यूरो के साथ मिलकर हाल में किए गए एक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार अब इंटरनेट ने शहरी भारत में अपनी जगह बना ली है।
इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2001 में केवल 16 प्रतिशत लोग सप्ताह में आठ घंटे से अधिक इंटरनेट का इस्तेमाल करते थे। 2004 में यह आंकड़ा बढ़कर 20 प्रतिशत हो गया और अब यह 38 प्रतिशत पर पहुंच गया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. शुभो रे के अनुसार संचार के किसी अन्य साधन की बजाय इंटरनेट का उपयोग ज्यादा तेजी से बढ़ रहा है।
उम्र बढ़ने के साथ बढ़ रहा उपयोग:
ब्यूरो के उपाध्यक्ष और महाप्रबंधक मोहन कृष्णन के अनुसार उम्र बढ़ने के साथ इंटरनेट का उपयोग भी बढ़ रहा है। स्कूली छात्र अधिकतम साढ़े पांच घंटे प्रति सप्ताह इंटरनेट का उपयोग करते हैं। कालेज छात्रों के लिए यह औसत सात घंटा बीस मिनट है। व्यवसायी या नौकरीपेशा लोग एक सप्ताह में साढ़े नौ घंटे से अधिक समय इंटरनेट पर देते हैं।
छोटे शहरों में अधिक उपयोग :
सर्वे से एक खास बात और उभरकर आई है कि आईटी शहरों के रूप में पहचान बनाने वाले बेंगलुरु व हैदराबाद के अलावा पुणो,अहमदाबाद के मुकाबले छोटे शहरों के लोग इंटरनेट का इस्तेमाल अधिक कर रहे हैं। खास बात यह है कि इस सूची में मप्र से भोपाल के साथ इंदौर भी शामिल है।