बीकानेर. नकली नोट रखने के आरोपी लाडनूं निवासी संजय पांडे को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए है। इस आशय के आदेश न्यायालय अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या दो की अदालत ने जारी किए।
प्रकरण के अनुसार परिवादी योगेश कुमार शर्मा ने 15 सितंबर,05 को पुलिस थाना सदर में रिपोर्ट की कि करणीसिंह स्टेडियम में मेगा ट्रेड फेयर में लगी एक दुकान पर एक महिला ने बैड सीट खरीदी। उसने बैड सीट के लिए 100-100 रुपए के चार नकली नोट दिए। प्रथम दृष्टया देखने पर नोट जाली सीरीज में पाए गए।
परिवादी द्वारा थाना में मुकदमा दर्ज करवाने पर पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद सात आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी संजय पांडे पुलिस के जरिये प्रोडेक्शन वारन्ट गिरफ्तार किया था। सहायक लोक अभियोजक ने सात नवंबर को अदालत में इस आशय का एक प्रार्थना-पत्र पेश किया कि आरोपी संजय हत्या के एक अन्य मामले में नागौर केन्द्रीय कारागृह की अभिरक्षा में है इसलिए प्रोडेक्शन वारन्ट जारी किया जाए।
अदालत ने प्रोडेक्शन वारन्ट जारी कर जेल अधीक्षक नागौर को आदेश दिया कि आरोपी संजय को थाना पुलिस सदर के सुपुर्द करे। साथ ही थाना पुलिस सदर को आदेश दिया कि आरोपी से अनुसंधान के पश्चात पुन: कारागृह नागौर की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया जाए।