भोपाल. बैरागढ़ के सिविल अस्पताल की अधीक्षक पर एक नर्स के पति ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी अपनी पत्नी के तबादले से नाराज था। उसे लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना के बाद अस्पताल के डाक्टरों और कर्मचारियों में आक्रोश है।
डा. अमिता दुबे अस्पताल अधीक्षक हैं। पुलिस के अनुसार वे शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे अपने आफिस में थीं। तभी अस्पताल परिसर में रहने वाला आनंदराव वहां पहुंचा। वह शराब के नशे में था। उसने डा. दुबे से कहा कि उन्होंने उसकी पत्नी सुनीति गोगवाले का ट्रांसफर राजगढ़ करा दिया है।
आनंदराव की पत्नी बैरागढ़ अस्पताल में ही नर्स थी। उसका ट्रांसफर चार महीने पहले ही राजगढ़ हुआ है। आनंदराव स्वयं को वकील बताता है। उसने डा. से 10 हजार रुपए मांगे और उनकी टेबल से कागज आदि फेंक दिए। जब उन्होंने उसे डांटा तो आनंदराव ने चाकू निकालकर डा. दुबे पर हमला कर दिया। चाकू उनके बाएं हाथ में लगा।
शोर सुनकर वहां आए लोगों ने आनंदराव को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 353, 232, 186, 294,506 का प्रकरण दर्ज किया है।
डाक्टर हड़ताल पर गए
हमले की जानकारी मिलते ही अस्पताल के सभी डाक्टरों ने काम बंद कर दिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। चिकित्सकों ने पुलिस से आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने एवं डाक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। हमले के बाद काफी समय तक पुलिस अस्पताल में रही।
मप्र मेडिकल आफिसर्स एसोसिएशन ने डा. अमिता दुबे पर हमले की कड़ी निंदा की है। संघ के पदाधिकारी डा. ललित श्रीवास्तव ने कहा है कि आरोपी पर प्राणघातक हमला करने का प्रकरण दर्ज किया जाए। अस्पताल के कर्मचारियों ने भी हमले की कड़ी निंदा की है। कर्मचारी संघ के सुशील सक्सेना ने भी हमले की निंदा की है।
आदतन अपराधी है आरोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी अपराधी प्रवृति का है। डेढ़ साल पूर्व भी वह अस्पताल में डाक्टरों से गाली-गलौच कर पर्दे आदि फाड़ गया था। कर्मचारी एमपी दिसोरिया से भी उसने मारपीट की थी। अपनी पत्नी के ट्रांसफर से नाराज होकर वह कई बार अधीक्षक पर दबाव बना चुका है।
शुक्रवार को मौका मिलते ही उसने हमला कर दिया। आरोपी अस्पताल परिसर में ही बने स्टाफ क्वाटर्स में रहता है। डाक्टरों ने उससे स्टाफ क्वार्टर खाली कराने की मांग की है।
हमले के विरोध में पीएस को सौंपा ज्ञापन
बैरागढ़ अस्पताल की अधीक्षिका डा. अमिता दुबे पर शुक्रवार को तलवार से किए गए प्राणघातक हमले का राजधानी के डाक्टरों ने विरोध किया है। डाक्टरों की सुरक्षा की मांग को लेकर डाक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार शाम को स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव एमएम उपाध्याय को एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में डा. ललित श्रीवास्तव, डा. आरके चौरसिया, डा. अजय मेहता, डा. डीके वर्मा, डा. प्रदीप शाह, डा. अनूप हजेला, डा. अजय गोयनका, डा. यूएम शर्मा आदि शामिल थे। डा. श्रीवास्तव ने बताया कि इस घटना के विरोध में राजधानी के सभी शासकीय और निजी अस्पतालों के डाक्टर शनिवार को काली पट्टी बांधकर काम करेंगे।