कटनी. जिला मुख्यालय कटनी से करीब 60 किलोमीटर दूर बरही के समीप छोटी महानदी के कुटेश्वर तनेजाघाट में स्टीमर डूबने से लगभग 20 लोगों के डूबने की खबर है। छह लोग तैरकर जान बचाने में सफल रहे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे। घटना दोपहर साढ़े तीन बजे की बताई गई है। डूबने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना के दो घंटे बाद सीआईएसएफ के एक जवान का शव निकाला जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर की ओर वाले घाट से एक स्टीमर दोपहर साढ़े तीन बजे 25-30 यात्रियों को लेकर कुटेश्वर तनेजा घाट की ओर रवाना हुआ। दस मिनट बाद जैसे ही स्टीमर बीच नदी में पहुंचा ज्यादा भार होने के कारण उसमें पानी भरने लगा और पल भर में ही स्टीमर डूब गया।
नदी के दूसरे छोर पर एक अन्य स्टीमर भी था। उसके चालक ने जब हादसा होते देखा तो वह स्टीमर लेकर नदी की ओर बढ़ गया तथा चार-पांच लोगों को डूबने से बचा लिया। घटना सूचना मिलने के बाद कलेक्टर श्रीमती अंजू सिंह बघेल भी शाम 7 बजे तक घटना स्थल पहुंच गई थीं। जिला मुख्यालय से मोटर बोट भी भेजी गई है।
25-35 फुट गहरी है नदी
बरही के कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि जिस स्थान में स्टीमर डूबा है वहां नदी 25-35 फुट गहरी है। जितने लोग बाहर नहीं निकल पाए, उनमें से किसी के भी बचने की संभावना नहीं है। कुटेश्वर माइंस से शाम को जनरेटर बुलवाया जा चुका था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस एवं स्टाफ के साथ बीएमओ डॉ. राजेश मिश्रा भी पहुंच गए थे।