अजमेर. वाहन चोर गिरोह के सरगना रियांबड़ी इलाके के भाकरराम की मानें तो नागौर जिले में चोरी की करीब दो सौ मोटरसाइकिलें हैं। पुलिस तफ्तीश में उसने खुलासा किया है कि गिरोह करीब पांच साल से वारदातें कर रहा है। नागौर, अजमेर, भीलवाड़ा और जयपुर से भी बाइक चुराई गई है।
चोरी की ज्यादातर बाइक नागौर के ग्रामीण इलाकों में खपाई जाती थी। पुलिस ने बीस और मोटरसाइकिलें बरामद होने की उम्मीद जताई है। भाकरराम की निशानदेही पर नागौर के रियांबड़ी, मेड़ता, मकराना और आसपास के गांव में चोरी की बाइक खरीदने वाले लोगों की तलाश की जा रही है।
सीआइ राजेन्द्र त्यागी ने बताया कि गिरोह से मोटरसाइकिलें खरीदने वाले नागौर के ओमप्रकाश भाटी, सलीम, मोतीराम मेघवाल से पूछताछ की जा रही है। चोरी की मोटरसाइकिल चलाने वाले लोग भूमिगत हो गए हैं। भाकरराम शनिवार तक रिमांड पर है। उससे घटनास्थलों की तस्दीक कराई जा रही है।