HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

सांसद के नाम से फिर फर्जी सिफारिश

अजमेर. रेलवे के आपातकालीन कोटे में रिजर्वेशन के लिए सांसद के नाम से फर्जी अनुशंसा का एक और मामला पकड़ा गया है। ताजा प्रकरण में पाली के सांसद पुष्प जैन के नाम का लेटरहेड इस्तेमाल किया गया है।

रेलवे के वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ लिपिक दीपक छत्री शुक्रवार को 2990 अजमेर-मुम्बई ट्रेन में आपातकालीन कोटे में आरक्षण देने के लिए सूची तैयार कर रहे थे। छत्री को आवेदनों की पेटी में पाली से भाजपा सांसद पुष्प जैन के नाम का हरे रंग का लेटरहेड मिला, जिस पर डी. नागौरी को ब्यावर से मुम्बई तक थर्ड एसी में बर्थ देने की अनुशंसा की गई थी। शक होने पर छत्री ने लेटरहेड पर छपे फोन नंबर पर जैन के पाली स्थित दफ्तर से संपर्क किया।

दफ्तर में मौजूद व्यक्ति ने कहा कि जैन ने इस ट्रेन में किसी को भी रिजर्वेशन देने की अनुशंसा नहीं की है। छत्री ने मामले की जानकारी वाणिज्य विभाग के अफसरों को दी।

आठ महीनों में दूसरा मामला
इस साल अप्रैल में अजमेर सांसद रासासिंह रावत, पाली सांसद पुष्प जैन और अमरेली (गुजरात) के सांसद दिलीप सिंघानी के नाम से ट्रेन में रिजर्वेशन के लिए फर्जी लेटरहेड पर अनुशंसा पकड़ी गई थी। मंडल स्तरीय जांच के बाद रेलवे बोर्ड ने अक्टूबर में उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए। एडीआरएम जी. एल. मीणा दोबारा जांच कर रहे हैं।

* मामला जानकारी में नहीं है। मालूम करने के बाद जांच की जाएगी।
-राजू भूतड़ा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक

मैंने रिजर्वेशन के लिए सिफारिश करना बिल्कुल बंद कर दिया है। किसी डी. नागौरी के लिए कोई अनुशंसा नहीं की।
-पुष्प जैन, सांसद पाली





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: