News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
टिकट खरीदने के बाद भी भारत, पाकिस्तान का 15 नवंबर का एक दिवसीय क्रिकेट मुकाबला देखने से वंचित रहे दर्शक सुबह होते ही शुक्रवार को कलेक्टर के निवास पर पहुंचे। इसके बाद सभी भीड़ के रूप में स्टेडियम पहुंचे और पथराव किया।
इससे स्टेडियम के भवन को क्षति पहुंची है। इसके बाद जीडीसीए ने टिकटों की राशि वितरित करने की कार्रवाई प्रारंभ की। शुक्रवार को टिकट वापस लेकर दर्शकों को 15 लाख 62 हजार रुपए का भुगतान किया गया।
कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव व जीडीसीए के आश्वासन के अनुसार मैच देखने से वंचित टिकटधारी क्रिकेट प्रेमी सुबह कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम परिसर में एकत्रित हुए। यहां पर जीडीसीए का कोई पदाधिकारी न मिलने पर पांच-छह सौ लोगों की भीड़ उत्तेजित हो गई।
इनमें से ही कुछ लोगों ने स्टेडियम के बाहरी क्षेत्र से दिखाई दे रही कांच की खिड़कियों को पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। कुछ समय बाद ही एडीएम वेद प्रकाश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उत्तेजित लोगों को शांत करने के लिए सबसे पहले दोनों अधिकारियों ने जीडीसीए के पदाधिकारियों से संपर्क किया। कुछ से तो अधिकारियों की बात हो गई पर एक दो के न मिलने पर उनके घरों पर पुलिस भेजकर सभी को स्टेडियम आने को कहा गया। भीड़, एक दिन पहले की तरह उत्तेजित न हो जाए, इसलिए टिकट का पैसा वापस लेने पहुंचे सभी क्रिकेट प्रेमियों को कतार में लगाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई।
भीड़ की सुविधा को लेकर ही चार काउन्टरों से पैसा वापस करने की कार्रवाई की गई। दोपहर करीब एक बजे से टिकट राशि वापस करने का काम जीडीसीए के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत मेहता व कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ जो शाम छह बजे तक निरन्तर चलता रहा।
काम्पलीमेंटरी टिकटधारी भी लेने पहुंचे पैसा
पैसा वापस करने की घोषणा केवल खरीदार टिकटधारियों के लिए की गई थी पर पैसा लेने काम्पलीमेंटरी टिकटधारी भी पहुंच गए। इन लोगों का तर्क यह था कि उन्होंने काम्पलीमेंटरी टिकटधारी (पास)भी पैसे देकर खरीदे हैं। ऐसे लोगों की संख्या लगभग दो सौ के आसपास थी पर जिला प्रशासन व जीडीसीए ने सभी को वापस कर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि इस तरह की शिकायतों की जांच कराई जाएगी। पैसा वापसी की कार्रवाई पूरी होने के बाद जीडीसीए के कार्यकारी अध्यक्ष प्रशांत मेहता व कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव स्टेडियम के बाहर निकले औैर उपलब्ध पुलिस बल का सहयोग के लिए धन्यवाद किया तथा हाथ मिलाकर आभार भी व्यक्त किया।