bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

हत्या की आरोपी पत्नी व प्रेमी गिरफ्तार

बूंदी. प्रेम प्रसंग के चलते केरल के राधाकृष्णन की हत्या के आरोप में पुलिस ने शुक्रवार को उसकी पत्नी उमाशेखर को बूंदी से और उसके प्रेमी राजू कसेरा को बिजौलियां से गिरफ्तार कर लिया। राधाकृष्णन की बुधवार को हत्या हो गई थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने देर शाम उमा को सीजेएम के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मुख्य आरोपी राजू को शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

एसपी लता मनोज कुमार ने पत्रकारों को बताया कि घटनास्थल का मुआयना करने व विशेषज्ञों की राय के बाद से ही मृतक की पत्नी के प्रति शक गहरा गया था। पूछताछ में उमा ने सारे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। पुलिस की एक टीम घटना के बाद ही बिजौलियां भेज दी गई थी। जहां पर राजू को गिरफ्तार किया गया।

किए पर कोई पछतावा नहीं हवालात पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी राजू कसेरा के चेहरे पर शिकन तक नहीं है। उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। राजू ने बताया कि उसका उमा से तीन साल से प्यार चल रहा है। उमा की पारिवारिक स्थिति से वह वाकिफ है और उसके परिवार की हर जानकारी उसे मिलती रहती थी। उमा की स्थिति देखकर ही उसने राधाकृष्णन को जान से मारने का निर्णय किया। राजू ने बताया कि सलाखों से बाहर निकलते ही वह उमा से शादी करने को तैयार है। यही नहीं, उसके बच्चों को भी वह पिता का प्यार देगा। राजू की पत्नी वर्षो से अलग रह रही है।

अब बच्चों का क्या होगा अपने किए पर पश्चाताप कर रही श्रीमती उमाशेखर को कोतवाली पहुंचने के बाद अपने दोनों बच्चों की चिंता सता रही थी। ‘भास्कर’ के पूछने पर उमा ने बताया कि राजू बिजौलियां में उसके पति के पास आता था। राजू टैक्सी चालक है और उसकी राधाकृष्णन से मित्रता थी। शराब पीने के बाद घर में होने वाले झगड़े में वह बीच-बचाव भी करता था। पति की बेरुखी और मानसिक प्रताड़ना से परेशान उमा को राजू की हमदर्दी से बड़ा संबल मिला और वह उससे प्यार कर बैठी। जिस समय राजू ने गोली चलाई बेटी चिंचू और बेटा विष्णु सो रहे थे। धमाके से बेटी की नींद खुली, लेकिन वह कुछ समझ नहीं पाई। राजू के कहने पर ही उमा ने मनगढ़ंत कहानी बनाकर पुलिस को बताई।

क्यों की हत्या? राधाकृष्णन को बिजौलियां में रहते हुए धंधे में नुकसान हुआ था। साथ ही शराब की लत से वह कर्जदार हो गया था। नशे में वह उमा के साथ मारपीट करता था। राजू को यह सब अच्छा नहीं लगता था। इसी कारण वह उमा के सामने राधाकृष्णन को खत्म करने की बात कहता रहता था।

कैसे की हत्या? घटना के दो दिन पूर्व उमा और राजू बसोली में मिले थे। दोनों ने योजना बनाई । घटना के दिन उमा ने मकान का मुख्य द्वार खुला रखा। दिन में उसने पति को कॉफी में नींद की गोलियां दे दी। रात को निर्धारित योजना के अनुसार राजू उसके घर आया और राधाकृष्णन को गोली मार दी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: