News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. महापौर ने निगम आयुक्त को तीन बिंदुओं पर जांच कर सोमवार को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। व्यापार विहार के दलदली भूखंड पर निगम के अमले व वाहनों द्वारा करीब एक माह से देर रात तक रेत, मिट्टी परिवहन कर पटाई की खबर ‘दैनिक भास्कर’ ने शुक्रवार के अंक में ‘गाड़ी अमला सरकारी, नेता की बेगारी’ शीर्षक से प्रकाशित की।
इससे नगर निगम में शुक्रवार को गहमा-गहमी का माहौल रहा। यात्रा से लौटते ही महापौर अशोक पिंगले ने उन वाहन चालकों को तलब किया, जिन्होंने सभापति विनोद सोनी को यह लिखकर दिया है कि उन्होंने वाहन शाखा के चेयरमैन के कहने पर दलदली भूखंड को पाटने के लिए दयालबंद दुर्गा मंदिर के पास से मिट्टी व निगम द्वारा प्रतिबंधित किए गए कुदुदंड तुलजा भवानी मंदिर घाट से रेत का उत्खनन व परिवहन किया है। तीनों डंपर चालकों से पूछताछ के बाद महापौर श्री पिंगले ने निगम आयुक्त एमए हनीफी को जांच के आदेश दिए हैं।
उनके निर्देशानुसार जांच के लिए तीन ंिबंदु तय किए गए हैं, जिसके तहत इन बिंदुओं पर जांच की जाएगी कि आखिर डंपर व जेबीसी एक माह से किसके निर्देश पर निजी कार्य में लगे रहे? कौन-कौन सी गाड़ियां परिवहन व फिलिंग के कार्य में लगी थीं और कहां से रेत व मिट्टी को लाया गया?
बताया जाता है कि सफाई व्यवस्था के लिए रात में दो डंपर व दो जेबीसी को पंप हाउस से निकालने की अनुमति है, फिर तीन गाड़ियां कैसे व किसके आदेश पर निकली? वाहन शाखा के प्रभारी सदस्य व अधिकारी से भी जवाब तलब किया गया है।
कांग्रेस पार्षद दल ने की निंदा:
कांग्रेस समर्थित पार्षद पंचराम सूर्यवंशी ने नगर निगम प्रशासन को भाजपा के हाथ की कठपुतली बताते हुए कहा कि मंत्री व महापौर का भी निगम पर अंकुश नहीं रह गया है। निगम के संसाधन से एमआईसी सदस्य का थ्री स्टार होटल बनाया जा रहा है। शहर के बेरोजगारों की अनदेखी कर भोपाल के लोगों को नौकरी व ठेका दिया जा रहा है।
नगर निगम जनता से टैक्स के रूप में प्राप्त राशि से चलता है और निगम के अफसर व सत्तापक्ष के जनप्रतिनिधि जनता की गाढ़ी कमाई का कैसा दुरुपयोग कर रहे हैं, यह खुलकर सामने आ गया है।
पार्षद रविंद्र सिंह, शहजादी कुरैशी, एलएन राव, जुगल किशोर गोयल, नरेंद्र रामटेके, शेख नजीरूद्दीन, विष्णु यादव, संतोष साहू, चंद्रभान नेताम, सैय्यद निहाल, रवि चतुर्वेदी, आदेश पाण्डेय, माधुरी यादव, सुरेखा यादव, अनिता जवाहर, रेणु जायसवाल, उमा संजय पिल्ले, पूर्व पार्षद रामशरण यादव व इन्नू भाई ने भी निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार व चोरी की निंदा की है।
>> मैंने निगम आयुक्त को जांच के लिए आदेशित कर दिया है। वे तीन दिन के अंदर जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।जांच प्रतिवेदन आने के बाद ही तय किया जाएगा कि इसके लिए कौन दोषी है और क्या कार्रवाई की जानी चाहिए।
अशोक पिंगले, महापौर
>> महापौर ने जांच के निर्देश दिए हैं। उनके आदेश पर जहां से मिट्टी व रेत की खुदाई की गई है, वहां जाकर देखा गया, वहां क्या पाया गया, यह अभी बता पाना संभव नहीं है। प्रतिवेदन में इसका उल्लेख किया जाएगा।
एमए हनीफी, आयुक्त