HomeNewsRajasthanKota Kota

शहर में चिकित्सा सेवाएं चरमराईं

कोटा. राजकीय एमबीएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ.एस.एस.माथुर के निलंबन की मांग को लेकर शुक्रवार को दूसरे दिन भी रेजिडेंट डॉक्टर हड़ताल पर रहे। इससे अस्पताल के कामकाज पर असर पड़ा।

महाराव भीमसिंह और जे.के.लोन मातृ व शिशु चिकित्सालय में 60 रेजिडेंट डॉक्टर हैं। हड़ताल से दोनों अस्पतालों के मरीजों को परेशानी उठानी पड़ी। इमरजेंसी वार्ड में भी अव्यवस्था का माहौल रहा। उधर, इन्टर्न डॉक्टर्स व मेडिकल छात्रों ने रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल को समर्थन देने का निर्णय किया है।

मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
रेजिडेंट डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें एमबीएस अस्पताल अधीक्षक डॉ.एस.एस.माथुर को निलंबित करने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि अधीक्षक ने गुरुवार को ड्यूटी दे रहे रेिजडेंट डॉक्टर अरविन्द मोहता के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। जब रेजिडेंट डॉक्टर वार्ता करने गए तो अधीक्षक ने सभी के साथ अभद्र व्यवहार किया। ज्ञापन के अनुसार अधीक्षक इससे पहले भी रेजिडेंट डॉक्टरों व नर्सिग कर्मियों के साथ अस्पताल परिसर में गाली-गलौज कर चुके हैं।

दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ.जी.एल.वर्मा ने एमबीएस अस्पताल अधीक्षक द्वारा रेजिडेंट डॉक्टर अरविंद मोहता के साथ की गई कथित मारपीट के मामले में दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। इसमें जेके लोन अधीक्षक डॉ.एस.पी.चित्तौड़ा व एमबीएस अस्पताल के चेस्ट व टीबी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. बी.एस. वर्मा को शामिल किया गया है। कमेटी दो दिन में प्राचार्य को रिपोर्ट देगी। उधर, प्राचार्य ने मामले की रिपोर्ट चिकित्सा शिक्षा सचिव को भेज दी है।

* दोनों अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टरों के हड़ताल पर जाने से इंटर्न, सीनियर रेजिडेंट, मेडिकल ऑफिसर व सहायक आचार्य को ड्यूटी पर लगाया गया है।
—डॉ.जी.एल.वर्मा, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज

क्या कहते हैं मरीज
* हड़ताल से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों की सार-संभाल आम दिनों की तरह नहीं हो रही है। भाई चिकित्सक को बुलाने गया तो कोई सुनवाई नहीं हुई।
—रामलटूर, कैथून

* दूर से आने के बावजूद ढंग से उपचार नहीं हो रहा है।
—नफीस मोहम्मद, नैनवां

* मेरे चाचा अस्थि रोग वार्ड में भर्ती हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था नहीं है।
—मनीष, कैथून





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: