नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी प्रमुख श्रीमती सोनिया गांधी ने शनिवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि राजनीति में वह विघ्नसंतोषी की भूमिका निभा रही है, जहां इस पार्टी की सरकार है, वहां गांधी के मूल्यों को सर्वाधिक खतरा है। उ
यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सेशन को संबोधित करते हुए सोनिया ने पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के बयान को दोहराते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति में भूमिका की जितनी भी निंदा की जाए कम है। यह पार्टी हर जगह विघ्न डालने की नीति पर काम कर रही है। इस पार्टी के शासित सभी राज्यों में गांधी के मूल्य खतरे में पड़ गए हैं।
सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार प्रशासन और शासन में सैक्यूलर विचारों का समावेश कर रही है। अल्पसंख्यकों के हितों की रक्षा करना इस पार्टी की पहली प्राथमिकता है। मुस्लिमों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए सरकार सच्चर समिति की सिफारिशों पर आगे बढ़ रही है।
संप्रग मुखिया ने कहा कि उनकी सरकार ने गैर कांग्रेस शासित राज्यों में पिछड़ों के कल्याण के लिए विशेष पैकेजों की घोषणा की है। यह भाजपा से उलट इस बात का सबूत है कि वह भेदभाव की राजनीति नहीं कर रही है। आज देश में कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जिसकी सैक्यूलर विचारधारा में आस्था है। वह ऐसी राजनीति को ठुकराती है जो आर्थिक विकास को सामाजिक न्याय से अलग करती हो। ।