लंदन.वियाग्रा की तर्ज पर कथित रूप से सेक्स क्षमता बढ़ाने वाली भारत में बनीं गोलियां आजकल ब्रिटेन में हर नुक्कड़ पर अवैध रूप से बेची जा रही हैं। ब्रिटिश अधिकारियों ने शुक्रवार को चेतावनी जारी कर इन्हें जानलेवा बताया है।
व्यापारिक मानदंड तय करने वाले ब्रिटिश अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना जांच पड़ताल के बिक रही सेक्स क्षमता बढ़ाने का दावा करने वाली गोलियां जानलेवा साबित हो सकती हैं।
बीबीसी के अनुसार, इन गोलियों को ‘पिल्स दैट किल’ नाम देते हुए अधिकारियों ने लोगों को इनका सेवन न करने की सलाह दी है। उल्लेखनीय है कि ब्रिटेन में वियाग्रा केवल डॉक्टर की पर्ची पर ही चुनिंदा मेडिकल स्टोरों में बेची जाती हैं।
कौन सी दवाएं :
विगोरा, प्रोक्सीरॉन, कामाग्र, कामाग्र ओरल जैली।
घातक असर :
लिवर, हृदय, गुर्दा, रक्तचाप पीड़ितों के लिए ये गोलियां अत्यधिक घातक बताई गई हैं। ब्रिटेन में ज्यादातर एशियाई हृदय रोग व मधुमेह से पीड़ित हैं। उनके लिए ये और भी ज्यादा घातक हैं।
छापेमारी :
पिछले दिनों अवैध रूप से सेक्स पिल बेचने वालों पर की गई छापेमारी में साउथहाल की एक ही दुकान से 1600 गोलियां और ईलिंग से 2000 गोलियां बरामद की गईं। माना जा रहा है कि ये गोलियां उत्तरी ब्रिटेन के यॉर्कशायर और स्कॉटलैंड में भी बेची जा रही हैं। पश्चिमी लंदन के साउथहॉल और ईलिंग उपनगरों में एशियाइयों की अधिक आबादी रहती है।
महंगी दवा : भारत में चार गोलियों की एक पत्ती सिर्फ 50 पेंस (लगभग 40 रु पए) में मिलती है, जबकि वही दवा ब्रिटेन में 15 पाउंड (करीब 1200 रुपए) में मिलती है। ब्रिटेन में वैध रूप से वियाग्रा बूट्स नामक दवा एक फार्मास्युटिकल कंपनी द्वारा बेची जाती है। इसकी चार गोलियों वाली पत्ती का दाम 50 पाउंड (लगभग 4018 रुपए) है।