News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डा. आलोक शुक्ला ने बताया कि चुनाव आयोग की पूरी तैयारी है, चाहे चुनाव किसी भी समय क्यों न हो। आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूचियां लगाई जाएंगी।
निर्धारित कार्यकम के अनुसार 21 नवंबर को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। 15 दिन तक नाम जोड़े और काटे जाएंगे। दावे-आपत्तियों का निराकरण कर 10 जनवरी तक मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
राज्य में तत्काल केशकाल विधानसभा का उपचुनाव होना है। विधायक महेश बघेल की सड़क दुर्घटना में मौत होने के बाद यह सीट रिक्त है। इसके अलावा मरवाही विधानसभा भी रिक्त है, लेकिन कानूनी उलझन की वजह से वहां उपचुनाव संभव नहीं है।
एटमी करार पर विवाद की वजह से देश में मध्यावधि चुनाव की सुगबुगाहुट हुई तो आयोग ने चुनाव की तैयारियों में अमले को झोंक दिया। मध्यावधि की संभावनाएं फिलहाल धूमिल हैं, लेकिन आयोग तैयारी में लग गया है।
कहा तो यह भी जा रहा है अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी यह तैयारी चल रही है। राज्य में फिलहाल एक करोड़ 40 लाख मतदाता हैं। संभावना है कि मतदाता सूची में नए नाम जुड़ने पर राज्य में मतदाताओं की संख्या में इजाफा होगा।
परिसीमन नहीं
आयोग की तैयारियों से साफ है कि विधानसभा और लोकसभा क्षेत्रों के हाल में किए गए परिसीमन को आधार नहीं बनाया जाएगा। इन सीटों की पुरानी सीमाओं के आधार ही चुनाव होने तय हैं। केंद्र सरकार ने परिसीमन के मामलों को मंत्रिमंडलीय उपसमिति के हवाले कर दिया है। इस कारण अगले चुनाव के पहले इस पर किसी प्रकार का फैसला आने की संभावना है।