जयपुर. शोर मचाते युवाओं का हुजूम, ऑटोग्राफ के दीवाने बच्चे और टीम इंडिया की जीत का जुनून। ये सब रविवार को शहर में उस समय नजर आएगा, जब यहां के एसएमएस स्टेडियम पर भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
महेंद्रसिंह धोनी की टीम हालांकि पांच मैचों की सीरीज पहले ही अपनी जेब में डाल चुकी है, लेकिन जयपुर के दीवानों को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। कई घंटों तक लाइन में लगते हुए मैच का टिकट हासिल करने वाले प्रशंसक चाहेंगे कि धोनी एंड कंपनी अंतिम मैच में जीत हासिल करते हुए उनकी खुशी को दोगुनी कर दे।
टीम इंडिया के थिंक टैंक ने इस मैच में जहीर खान, आरपी सिंह और हरभजन को आराम देने का निर्णय किया है। खब्बू स्पिनर मुरली कार्तिक को हरभजन के स्थान पर टीम में लिया जाएगा, जबकि प्रवीण कुमार भी वनडे कैरियर की शुरुआत कर सकते हैं। इस सीरीज का एक भी मैच नहीं खेल सके श्रीसंत को इरफान पठान के साथ तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी दी जाएगी।
सचिन और गांगुली के बारे में निर्णय आज
मेजबान टीम मैच से पहले तय करेगी कि इस मैच में सचिन तेंडुलकर और सौरव गांगुली को खिलाया जाए या नहीं। यदि इन दोनों में से किसी को आराम दिया जाता है, तो रोहित शर्मा मैदान पर खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।