HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

फफूंद लगी रोटियां खाने से दो दर्जन छात्र बीमार

पिछोर. ग्वालियर जिले के पिछोर क्षेत्र के ग्राम चकघोघा के प्राइमरी स्कूल में मध्याह्न् भोजन की फफूंद लगी रोटियां खाने से दो दर्जन छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। बीमार बच्चों को डबरा के सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

इस घटना के बाद ग्रामीणों ने आटा व रोटियां एसडीएम सुरेश शर्मा को दिखाईं तो उन्होंने मामले की जांच के लिए शिक्षा विभाग के बीआरसीसी को लिखा है। ग्राम चकघोघा के प्राइमरी स्कूल में अध्ययनरत बच्चों को शुक्रवार मध्याह्न् भोजन में आलू बैंगन की सब्जी,दाल और रोटियां परोसी गईं। बताया गया है कि रोटियों में फफूंद लगी हुई थी।

भोजन करने के बाद कई बच्चों को पेट में दर्द और उल्टियां होने लगीं। बच्चों की हालत बिगड़ने पर ग्रामीणों ने पहले निजी चिकित्सक को दिखाया,जहां सुधार नहीं होने पर शनिवार को बीमार बच्चों को लेकर एसडीएम के सामने पहुंचे और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया।

एसडीएम ने बीमार बच्चों को सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया। अस्पताल में दाखिल होने वाले बच्चों में राजेश पुत्र गयाप्रसाद कक्षा ३, अर्जुन पुत्र जनवेद कक्षा २, सतीश पुत्र जनवेद कक्षा ३, करण पुत्र जनवेद कक्षा २, प्रदुम्न पुत्र कोक सिंह कक्षा २, लाली पुत्री चंदन सिंह कक्षा ४, रोशनी पुत्री पूरन सिंह कक्षा ४, प्रीति पुत्री चंदन सिंह कक्षा ३, उर्मिला पुत्री पहलूराम कक्षा ५, रिंकू पुत्र ग्याप्रसाद कक्षा ४ आदि शामिल हैं।

बातचीत के दौरान अस्पताल में दाखिल छात्र-छात्राओं ने बताया कि गत दिवस मध्याह्न् भोजन में मिली रोटी बासी थी और सब्जी का स्वाद भी अच्छा नहीं लग रहा था। खाना खाने के बाद पेट में दर्द होने लगा,जबकि कुछ बच्चों को उल्टियां होने लगीं।

पीटीए अध्यक्ष उत्तम सिंह ने बताया कि मध्याह्न् भोजन की व्यवस्था संभालने वाला शिक्षक जो पीटीए का सचिव भी है, गेहूं अपने घर पिछोर ले जाता है और वहीं से आटा लेकर आता है, जो एकदम घटिया होता है। उत्तम सिंह के मुताबिक स्कूल में ६५ बच्चे अध्ययनरत हैं जिनमें लगभग दो दर्जन गत दिवस भोजन के कारण बीमार हुए हैं। कुछ बच्चे अपने घरों पर इलाज करा रहे हैं।

इसी के साथ बच्चों के परिजनों का कहना था कि पिछले एक माह से इसी प्रकार का खाना बच्चों को मध्याह्न् भोजन में दिया जा रहा है और जब शिक्षक से शिकायत की जाती है तो उसका कहना होता है कि मैं ऐसा ही खाना खिलाऊंगा अगर शिकायत करना है तो कर आओ।

सिविल अस्पताल के प्रभारी बीएमओ डा. आर के शर्मा ने, बच्चों द्वारा लाई गईं रोटियां देख कहा कि इनमें फंगस लगी है। साथ ही उन्होंने आटा खराब बताया। एसडीएम सुरेश शर्मा ने बीआरसीसी को तत्काल आटा बदलने का आदेश दिया और बताया कि मध्याह्न् भोजन व्यवस्था स्वसहायता समूह को सौंपी जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: