bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

स्टेडियम पर फिर तोड़फोड़, दो गिरफ्तार

ग्वालियर. टिकट खरीदने के बाद भी क्रिकेट का मैच देखने से वंचित रह गये खेलप्रेमियों में से कुछ ने शनिवार को दोपहर में कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम पर पहुंचकर फिर हंगामा किया। हंगामा करने वालों ने बाद में स्टेडियम पर पथराव कर तोड़फोड़ भी कर डाली। घटना की खबर पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में किया।

हंगामा और तोड़फोड़ करने वाले लोग स्टेडियम पर अपने टिकट के पैसे वापस लेने पहुंचे थे। इन लोगों ने जब अपने टिकट दिखाकर पैसे वापस करने की मांग की तो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने कह दिया कि पैसे तो कल ही लौटाये जा चुके हैं, इसके बाद भीड़ भड़क उठी और कुछ लोगों ने स्टेडियम पर पथराव और तोड़फोड़ करना शुरू कर दिया, जिससे वहां कुछ चीजें क्षतिग्रस्त हो गईं।

भीड़ के तेवर देखते हुए स्टेड़ियम पर मौजूद कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। इस पर संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस के साथ-साथ अन्य पुलिस थानों का बल और पुलिस अधिकारी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने गुस्साई भीड़ को काबू करने के लिए सख्ती दिखाई और उसे खदेड़ दिया।

दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस ने स्टेडियम पर पथराव करने और संपत्ति को क्षति पहुंचाने के मामले में दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके से उन्हें गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किये गये लोगों के नाम वेदप्रकाश निवासी छतरपुर और अनुराधा निवासी ग्वालियर बताये गये हैं।

टिकट वापसी के लिए कल से जमा होंगे आवेदन
टिकट खरीदने के बाद भी मैच देखने से वंचित रह गये खेल प्रेमियों के पैसे वापस लौटाये जाने के लिए सोमवार से आवेदन जमा कराये जाएंगे। उक्त जानकारी एडीएम वेदप्रकाश ने दी है। जानकारी के मुताबिक ऐसे दर्शक जिनका पूरा टिकत सही सलामत है 19 नवंबर से 21 नवंबर तक स्टेडियम के गेट नम्बर 6 पर दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच अपना आवेदन पत्र जमा करा सकते हैं।

इन लोगों को अपना नाम, टेलीफोन नम्बर, टिकट का नम्बर और उसकी फोटो कापी भी आवेदन के साथ लगानी होगी। आवेदन पत्रों पर विचार करने के बाद संबंधित लोगों को जीडीसीए द्वारा सूचित किया जायेगा। गौरतलब है कि गत दिवस जिला प्रशासन की पहल पर जीडीसीए ने 2805 टिकटधारियों को 15 लाख 62 हजार रुपए की राशि वापस की है।

उधर शहर जिला कांग्रेस के सद्भावना प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविकांत अष्ठाना ने कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव की इस पहल की सराहना करते हुए कहा है कि टिकट खरीदने के बाद भी मैच देखने से वंचित रहे खेल प्रेमियों को उनके पैसे वापस दिलवाकर सद्भावना बनाये रखने की पहल की जितनी भी तारीफ की जाये कम है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: