HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

एकाउंटेंट का अपहरण पुलिस ने मुक्त कराया

ग्वालियर. एकाउंट कार्य करने का बहाना बनाकर बदमाशों ने विनयनगर सेक्टर नंबर दो निवासी एक एकाउंटेंट का अपहरण कर लिया। बदमाश फिरौती के रूप में अपहृत के परिजनों से छह लाख रुपए की मांग कर रहे थे।

बदमाश अपने मकसद में कामयाब होते उससे पहले ही पुलिस ने अपहृत को मुक्त कराते हुए चार अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम संजय कुशवाह, बृजेश पाण्डे, नितिन राठौर व भानु यादव बताए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से एक कट्टा भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार, अशोक बंसल(50) एकाउंट का कार्य करते हैं। शुक्रवार की सुबह 10 बजे वह जयेन्द्रगंज जाने की कहकर घर से निकले थे। दोपहर दो बजे घर फोन लगाकर उन्होंने कहा कि आवश्यक कार्य होने के कारण रात में घर नहीं लौटेंगे। परिजन निश्चिंत होकर सो गए।

शनिवार की सुबह सवा सात बजे आए फोन को रिसीव करते ही परिजनों के होश उड़ गए। फोन अशोक ने किया था और कहा था कि उसे छह लाख रुपए की जरूरत है, इंतजाम करके रखना।

परिजन कुछ समझ पाते उससे पहले ही फोन कट गया। दो घंटे बाद फिर फोन आया और तीन लाख रुपए का इंतजाम करने की बात कही। परिजन समझ चुके थे कि मामला कुछ गड़बड़ है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए खोजबीन शुरू कर दी। फोन को सर्च में लिया गया।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि घासमंडी क्षेत्र के नौमहला में स्थित एक खंडहर में किसी व्यक्ति को बंधक बनाकर रखा गया है। शनिवार की रात लगभग नौ बजे सीएसपी रायसिंह नरवरिया के नेतृत्व में थाना प्रभारी बहोड़ापुर महेश श्रीवास्तव व थाना प्रभारी ग्वालियर शंभू सिंह जाट ने दलबल सहित बताए ठिकाने पर धावा बोल दिया। सीएसपी श्री नरवरिया के अनुसार पुलिस को सफलता मिली और अशोक को मुक्त कराते हुए अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: