HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सभी राज्यों में यादव सीएम हों : गौर

ग्वालियर. yadav अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के नव निर्वाचित अध्यक्ष प्रो.उदय प्रताप सिंह यादव ने कहा है कि आरक्षण की लड़ाई में यादव महासभा, समाज के सभी पिछड़ों को साथ लेकर चलेगी। यह संघर्ष तभी थमेगा जब यादवों की ताकत के अनुपात में उन्हें सत्ता में भागीदारी मिलेगी।

वे, मेला ग्राउंड के मृगनयनी गार्डन में आयोजित यादव महासभा के 57वें राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नए दायित्व को संभालते हुए वे यादव समाज के कमजोर छात्र-छात्राओं को आर्थिक सहायता देने की जरूरत को पूरा करने का हर संभव प्रयास करेंगे।

प्रो. यादव ने कहा कि यादव समाज ने लंबे समय तक आर्थिक व सामाजिक शोषण झेला है यदि हम समय रहते जागरूक नहीं हुए तो अधिकारों से वंचित रह जाएंगे। हमें ‘माधव’ के रास्ते पर चलकर संघर्ष की सीख लेना चाहिए। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि यादव महासभा आरक्षण की लड़ाई में सारे पिछड़ों को सथ लेकर चलेगी अन्यथा राजनीतिक हमारे उद्देश्य को सफल नहीं होने देंगे।

यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. यादव ने संगठन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उपनामों की भिन्नता के बावजूद आज यादव समाज एक परिवार के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। रोटी-बेटी का संबंध भी होने लगा है।

यादव महासभा के कार्यक्रम में शिक्षा के विकास,सेना में अहीर रेजीमेंट की स्थापना तथा बालिकाओं को शिक्षित करने के बिन्दुओं को शामिल किया जाएगा। अधिवेशन में यादव महासभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. हरिमोहन सिंह यादव ने कहा कि आज देश के 22 प्रांतों में यादव महासभा का संगठन सक्रिय होकर काम कर रहा है।

संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए वैशाली गाजियाबाद में अभा यादव महासभा का केन्द्रीय कार्यालय बनाया गया है। अब जरूरत है कि समाज के लोग सकल रूप से संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करें।

अधिवेशन के अतिथियों का स्वागत यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष नवाब सिंह यादव, डा.सुनील यादव एडवोकेट,मोहर सिंह यादव, सुनील सिंह यादव, संतोष सिंह यादव, जितेन्द्र सिंह यादव,विनोद यादव, रमेश यादव ,हरपाल यादव, राम सिंह यादव, अमृत लाल यादव,देवेन्द्र यादव व प्रहलाद यादव ने किया।

सभी राज्यों में यादव सीएम हों : गौर
मप्र सरकार के वाणिज्यिक कर मंत्री बाबूलाल गौर ने कहा कि यादव समाज को इतना संगठित किया जाए कि भविष्य में सभी राज्यों में यादव समाज के मुख्यमंत्री नजर आएं। उन्होंने यादव समाज से करवट बदलने का आह्वान करते हुए कहा कि वे देश में धर्मराज्य की स्थापना करें। उन्होंने कहा कि यादव समाज की जितनी संख्या है सत्ता में उन्हें उतनी भागीदारी मिलना चाहिए।

‘सावधान व एकजुट रहने की जरूरत’
कानपुर के सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि यादव समाज ने जब-जब अपने विकास का मार्ग प्रशस्त किया तब-तब उसे सत्ता से दूर रखने की साजिश हुई है। उत्तर प्रदेश में कन्या विद्याधन योजना को मायावती सरकार ने बंद कर दिया है।

हजारोंे लोगों को नौकरी से निकाल दिया क्योंकि उनमें अधिकांश, पिछड़े वर्ग से जुड़े हैं। प्रो. यादव ने कहा कि आने वाले समय में ऐसे हमले और तेज होंगे इनसे सावधान व एकजुट रहने की जरूरत है तभी हम यादव समाज को विभाजित होने से रोकने में कामयाब होंगे।

यशोधरा ने की यादव समाज और अशोकसिंह की तारीफ
सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने यादव समाज की तारीफ करते हुए कहा कि लोकसभा उप चुनाव में उन्होंने यादवों की वास्तविक ताकत, एकजुटता का अहसास किया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चुनाव लड़े अशोक सिंह को गुणी और सम्मानित व्यक्तित्व का धनी बताते हुए सराहना की। ग्वालियर में अधिवेशन के लिए उन्होंने आयोजकों का धन्यवाद दिया।

बिहार में शिक्षा के विकास की जरूरत : गिरधारी यादव
बिहार के सांसद गिरधारी यादव ने कहा कि बिहार में शिक्षा के विकास की जरूरत है। कुल आबादी का 18 फीसदी हिस्सा होने के बाद भी यादवों का शैक्षणिक विकास नहीं हो पाया है।

सांसद श्री यादव ने कहा कि रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव एक सफल राजनीतिज्ञ हैं फिर भी बिहार की मौजूदा सरकार उन्हें फेल मुख्यमंत्री कहकर माहौल को खराब कर रही है। उनकी काबलियत का प्रदर्शन, मुनाफे में आया रेल विभाग है।

‘विकास के लिए नए विचार अपनाने पड़ेंगे’
राष्ट्रीय अधिवेशन की स्वागत समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि यादव समाज के विकास के लिए नए विचार अपनाने की जरूरत है। अभी तक हम छोटे -छोटे दायरों में बटे थे, शिक्षा की कमी तथा कुरीतियों के कारण विकास से वंचित रहे। महासभा ने यादवीकरण की जो प्रक्रिया शुरू की है उससे समाज को नई पहचान मिली है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: