भोपाल.
राजधानी के सरस्वती नगर मैदान में शनिवार को सकल जैन समाज के तीन दिवसीय युवक-युवती परिचय सम्मेलन की शुरुआत हुई। इस सम्मेलन में पुणो, मुंबई, कोयंबटूर, सूरत, पटना सहित विभिन्न शहरों से युवक-युवतियां जीवन साथी की तलाश में आई हैं।
सम्मेलन के उद्घाटन अवसर पर विधायक उमाशंकर गुप्ता और पूर्व बीडीए अध्यक्ष अशोक जैन भाभा उपस्थित थे। इस मौके पर मिलन स्मारिका का विमोचन भी हुआ। सम्मेलन के प्रवक्ता पंकज प्रधान ने बताया कि समाज के युवक-युवतियों के करीब 1200 बायोडाटा प्राप्त हुए हैं। सम्मेलन में आई युवतियों की पहली पसंद कंप्यूटर प्रोफेशनल युवक हैं।
खास बात यह है कि सम्मेलन में 450 साफ्टवेयर इंजीनियर भाग ले रहे हैं। इनमें 45 एनआरआई भी शामिल हैं। पूरे सम्मेलन में सिर्फ दो-तीन युवक-युवती ही ऐसे हैं, जो स्नातक नहीं हैं। भाग लेने वालों में मैनेजमेंट, मेडिकल, इंजीनियरिंग के क्षेत्र में कैरियर बना चुके युवक-युवतियां शामिल हैं।