भोपाल.
भोपाल,रायपुर और जबलपुर के बीएसएनएल के छह लाख मोबाइल फोन शनिवार को ठप हो गए। शेष चार लाख बीेएसएनएल मोबाइलधारक भी केवल अपने क्षेत्र में ही बात कर पा रहे थे। जबलपुर व नागपुर के बीच केबल में फाल्ट आने के बाद भोपाल का एक्सचेंज ठप होने से यह स्थिति बनी।
काफी मशक्कत के बाद कंपनी के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम देर रात तक आंशिक तौर पर ही एक्सचेंज को चालू कर सकी। कंपनी सूत्रों के अनुसार इस तरह का फाल्ट ठीक करने के लिए कंपनी के पास विशेषज्ञ मौजूद नहीं हैं। यह पहला मौका है जब किसी भी कंपनी का मोबाइल नेटवर्क इतने लंबे समय तक ठप रहा।
फाल्ट की शुरुआत छत्तीसगढ़ से हुई। साथ में मप्र के जबलपुर शहर का नेटवर्क भी ठप हो गया। कुछ देर बाद भोपाल का मोबाइल एक्सचेंज भी ठप हो गया। इंदौर, ग्वालियर क्षेत्र में मोबाइल चालू थे। शाम छह बजे के बाद इंदौर के मोबाइल भी बंद हो गए। बीएसएनएल मोबाइल नेटवर्क से जुड़े अधिकारी - कर्मचारी देर रात तक एक्सचेंज में आए फाल्ट को ठीक करने में लगे रहे।
यहां फ्रांस की अलकाटेल कंपनी का एक्सचेंज लगा हुआ है। बताया जाता है कि अल्काटेल कंपनी के भोपाल कार्यालय और बीएसएनएल दोनों ही स्थानों पर इस एक्सचेंज के फाल्ट ठीक करने के विशेषज्ञ मौजूद नहीं हैं। यही वजह थी कि लंबी मशक्कत के बाद भी फाल्ट ठीक नहीं हुआ।
>> फाल्ट ठीक करने की पूरी कोशिश जारी है। हमें उम्मीद है कि जल्द इसे ठीक कर लिया जाएगा।
अरविंद सिन्हा, महाप्रबंधक, (मोबाइल) बीएसएनएल
>> आप्टिकल फायबर केबल में आए फाल्ट तो ठीक हो गए थे। मोबाइल एक्सचेंज के बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
-टीके पाल, महाप्रबंधक(रखरखाव)
क्या है वजह
कंपनी सूत्रों के अनुसार नागपुर और जबलपुर के बीच आप्टिकल फाइबर केबल में आए फाल्ट से छत्तीसगढ़ और जबलपुर के बीएसएनएल मोबाइल के काल पूरे नहीं हो रहे थे। इन्हें पूरा करने के लिए भोपाल की तरफ डायवर्ट कर दिया गया। यहां लोड बढ़ने से भोपाल का मोबाइल एक्सचेंज ठप हो गया।
शाम तक इंदौर में मोबाइल फोन चालू थे, लेकिन इंदौर - अहमदाबाद के बीच शाम छह बजे आप्टिकल फाइबर केबल में फाल्ट हो गया और वहां के मोबाइल भी कुछ देर बंद रहे।