News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर शुक्रवार की रात पेड़ से टकरा गई, जिससे एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो अन्य घायल हो गए। मरवाही पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक मरवाही निवासी 26 वर्षीय मोहम्मद अनवर, नारायण सिंह व समयलाल कल रात बाइक से केरहाटोला गए थे। यहां से वे देर रात लौट रहे थे। बाइक मोहम्मद अनवर चला रहा था। लिटियासराई के पास तेज रफ्तार बाइक को अनवर संभाल नहीं सका और बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे में अनवर के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया। नारायण व समयलाल ने उसके परिजन को सूचना दी। रात में उसे मरवाही हास्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान आज सुबह उसकी मौत हो गई। नारायण व समयलाल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। सूचना पर मरवाही पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
सांप काटने से वृद्घ की मौत
खेत में काम करने के दौरान सांप काटने से शुक्रवार की दोपहर एक वृद्घ बेहोश हो गया। उसे सिम्स लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मस्तूरी के मल्हार निवासी 70 वर्षीय विश्राम साहू 16 नवंबर की सुबह खेत गया था। यहां उसे जहरीले सांप ने काट लिया।
उसके साथ काम कर रहे अन्य ग्रामीण उसे बेहोशी की हालत में सिम्स लेकर आए और भर्ती कराया। सिम्स में इलाज के दौरान कल रात उसकी मौत हो गई। सिम्स चौकी पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।