बीकानेर. राज्य की प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के सभी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों तथा स्कूलों का निरीक्षण कार्यक्रम तय किया गया है। इसकी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी जाएगी।
कार्यक्रम के तहत ही शिक्षा आयुक्त जे.पी.चंदेलिया ने शनिवार को जयपुर में जिला शिक्षा अधिकारी (विधि) के कार्यालय का निरीक्षण किया। इसी प्रकार माध्यमिक शिक्षा आयुक्तालय के एक दल ने दौसा के जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय का भी निरीक्षण शुरू किया है। इस दौरान बिन्दूवार सभी मामलों के रिकार्ड लिए गए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के लंबित प्रकरण, न्यायालय प्रकरण, विद्यार्थी मित्र योजना, विभागीय जांच, विभिन्न प्रकार की शिकायतों, प्रशासनिक कामकाज, नाबार्ड योजना की प्रगति, रिक्त पदों की संख्या सहित अनेक मामलों की सूची तैयार की गई है। निरीक्षण कार्य तीन दिन तक चलेगा। जब्त किया गया रिकार्ड एनबीडी स्कूल के एक कक्ष में रखा जाएगा।
शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के लिए पांच-पांच जिलों का कार्यक्रम तय किया गया है। प्रारंभिक व माध्यमिक डीईओ कार्यालयों के निरीक्षण के लिए इन्हीं विभागों के अधिकारियों को लगाया जा रहा है। आयुक्त स्वयं भी कार्यालयों का निरीक्षण करेंगे। स्कूलों का निरीक्षण कार्य भी शुरू हो चुका है। इसकी जिम्मेवारी जिला शिक्षा अधिकारी और बीईईओ को दी गई है।
निरीक्षण का काम छिनने की आशंका
राज्य के जिला शिक्षा अधिकारियों के निरीक्षण के लिए जयपुर कैंप को लेकर आयुक्तालय से यह कार्य भी छिनने की आशंका बन गई है। प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा आयुक्तालयों में निरीक्षण के लिए अलग से अनुभाग बने हुए हैं। इस काम के लिए पूरा स्टाफ होने के बाद भी जयपुर में कैंप को लेकर आयुक्तालय कर्मचारी आशंकित हैं। समन्वय कक्ष भी पूर्व में इस प्रकार जयपुर ले जाया गया था। निरीक्षण को लेकर आयुक्तालयों के कुछ अधिकारी और कर्मचारी पिछले कई दिनों से जयपुर में ही हैं। आयुक्तालय के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया है। शिक्षा विभागीय कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष शिव कुमार आचार्य का कहना है कि यहां का स्टाफ जयपुर भेजने से आयुक्तालय का कामकाज प्रभावित होगा, जब जयपुर में स्टाफ है तो अलग से कर्मचारी लगाने की क्या जरूरत है।
* निरीक्षण के लिए पहले कोई सिस्टम नहीं था। अब नए नियम बना दिए गए हैं। अधिकारियों को लक्ष्य आबंटित किए गए हैं। मैं भी स्वयं निरीक्षण करूंगा।
-जे.पी.चंदेलिया, शिक्षा आयुक्त, राजस्थान अध्यक्ष, यूआईटी