बीकानेर. राजस्थान के राज्यपाल एस.के.सिंह चार दिनों तक बीकानेर में रहेंगे और कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे व नहरी क्षेत्र का दौरा करेंगे। राज्यपाल का पद
संभालने के बाद एस.के.सिंह का यह पहला बीकानेर दौरा है। राज्यपाल का कार्यक्रम मिलते ही पूरा जिला प्रशासन तंत्र सक्रिय हो गया है।
जिला कलेक्टर आलोक गुप्ता ने बताया कि राज्यपाल 19 नवंबर को दोपहर 4:30 बजे हैलीकाप्टर से नाल हवाई अड्डे पर उतरेंगे। वे नाल से सीधा सर्किट हाउस जाएंगे और इंदिरा गांधी नगर परियोजना के संबंध में जानकारी लेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में करेंगे। 20 नवंबर को वे सुबह 11.00 बजे श्री जैन पाठशाला सभा के शताब्दी समारोह में शामिल होने जैन कन्या कॉलेज पहुंचेंगे। इस कार्यक्रम के बाद वे जूनागढ़ और कैमल फार्म देखने जाएंगे।
शाम को इनका देशनोक करणी माता मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम है। रात्रि विश्राम बीकानेर में ही करेंगे। 21 नवंबर को राज्यपाल सुबह गजनेर भ्रमण करेंगे। वहां से वे गजनेर लिफ्ट स्कीम का अवलोकन करने जाएंगे तथा पूगल में दस्तकार एवं बुनकरों को निर्देशित करेंगे। शाम को राजस्थान कृषि विवि में छात्रों को संबोधित करेंगे। राज्यपाल 22 नवंबर को सुबह 10.45 बजे जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।