अजमेर. दरगाह जियारत के लिए पहुंचे टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जहीर खान की एक झलक पाने के लिए शनिवार को दरगाह बाजार में प्रशंसकों की भीड़ उमड़
पड़ी। प्रशंसकों से बचने के लिए खान को सुरक्षा बलों ने घेरे में लेकर कार में बैठाया। खान ने ख्वाजा साहब की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश कर टीम इंडिया की पाकिस्तान के विरुद्ध फतेह और लगातार जीत की मन्नत मांगी।
जहीर खान के दरगाह में पहुंचने की जानकारी मिलते ही कुछ ही देर में दरगाह परिसर में खासी तादाद में प्रशंसकों ने उन्हें घेर लिया। प्रशंसकों से बचाने के लिए खान को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। सिर पर चादर और फूलों की टोकरी लिए चल रहे खान की एक झलक पाने के लिए बुलंद दरवाजा, महफिलखाना और शाहजहांनी मस्जिद दालान में लोगों का जमावड़ा था। खान ने मजार शरीफ पर अकीदत का नजराना पेश किया।
सैयद इमरान चिश्ती ने उन्हें जियारत कराई, दस्तारबंदी की और तबरुक भेंट किया। वापस लौटते समय प्रशंसकों की तादाद और बढ़ गई। निजामगेट के पास स्थित खादिम के हुजरे से खान को वाहन तक ले जाने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। निजामगेट के सामने, नला बाजार, अंदरकोट की ओर प्रशंसक खड़े हो जाने से जाम लग गया।
कार के सामने खड़े हुए प्रशंसक
जियारत कर लौट रहे खान की कार के सामने भी प्रशंसक आ खड़े हुए। इन्हें हटाने के लिए पुलिसकर्मियों ने धक्के लगाए। खुद यातायात पुलिस उपअधीक्षक जयसिंह राठौड़ को बीच में आकर लोगों को हटाना पड़ा।
कुछ दूर दौड़े प्रशंसक खान के कार में रवाना हो जाने के बाद भी कुछ प्रशंसक उनकी कार के पीछे दौड़ने लगे, लेकिन वे ज्यादा दूर तक पीछा नहीं कर सके।
फोटो खिंचवाने की होड़ लगी
इधर दरगाह परिसर में युवा खादिमों में जहीर के साथ फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। ये लोग उसके पास खड़े होकर मोबाइल कैमरों में खुद को कैद करते नजर आए।
सचिन ने मंगाया तबरुक
जहीर खान ने खादिम इमरान चिश्ती को बताया कि मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने भी तबरुक मंगाया है। वे खुद भी जियारत को आना चाहते थे, लेकिन फिर इरादा बदल गया।