HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

पीजीआई : युवक की पहचान हुई

चंडीगढ़. पीजीआई की इमरजेंसी में बेहोशी की हालत में एडमिट युवक की पहचान हिमाचल के हमीरपुर, नादौन के रिक्की परमार (21) के रूप में हुई है। शनिवार को रिक्की की पहचान पहले उसके रिश्तेदार उपेंद्र सिंह ने भास्कर पढ़ने के बाद पीजीआई जाकर की। इसके बाद उन्होंने रिक्की के पिता को सूचना दी। 9 दिन के बाद रिक्की की पहचान हो सकी है। रिक्की सेक्टर-17 के एक शोरूम में सेल्समैन का काम करता था। वह दिवाली वाले दिन चंडीगढ़ से अपने घर के लिए निकला था।

रिक्की के पिता विक्रम परमार आईटीबीपी से रिटायर्ड हैं। उन्होंने बताया कि दिवाली वाले दिन रिक्की ने घर फोन कर कहा था कि वह घर आ रहा है, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

वह अपने बेटे की तलाश में चंडीगढ़ भी आए, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। जिन लोगों ने रिक्की की पीजीआई में मदद की उनका शुक्रिया अदा करते हुए उनकी जबान नहीं थक रही। उन्होंने भास्कर का भी शुक्रिया अदा किया जिसकी खबरों की मदद से रिक्की की पहचान हो सकी। 9 नवंबर को रिक्की किरतपुर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला था।

पंजाब पुलिस बेहोशी की हालत में उसे पीजीआई छोड़ गई थी। रिक्की के साथ क्या हुआ था, यह उसके होश में आने के बाद ही पता चलेगा। रिक्की की जेब से सारा सामान गायब था।

35 साल के सिख की पहचान नहीं 9 नवंबर (दिवाली वाले दिन) को 35 साल के एक सिख युवक को भी पंजाब पुलिस पीजीआई छोड़ गई थी। उसे हेड इंजरी है और वह चमकौर साहिब के पास सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिला था। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पीजीआई की इमरजेंसी में वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। फिलहाल पीजीआई और एनजीओ लाइफ लाइन उसकी मदद कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: