अमृतसर/जालंधर चार दिवसीय इंटर जोनल फाइनल यूथ फैस्टीवल का आगाज शनिवार को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के दशमेश ऑडीटोरियम में भंगड़े के साथ हुआ। लायलपुर खालसा कॉलेज जालंधर के स्टूडैंट्स ने पंजाबियत का जोश दिखाते हुए गीत ‘जट्ट पंजाबी दोस्तो, सानू मान पंजाबी होण दा..’ पेश कर सभी का मन मोह लिया। गबरूओं ने ‘आउंदे ने जट्ट बन-बन टोलियां.., जट्ट चढ़दे मिरजे खान नू.. जैसी बोलियों के साथ ढोल की थाप पर मिलकर भंगड़ा डाला। यूथ फैस्टीवल का उद्घाटन करने आए पंजाबी गायक पम्मी बाई ने भी स्टेज पर मस्त होकर भंगड़ा डाला। इस मौके पर डीन स्टूडैंट वैलफेयर प्रो. एके ठुकराल और यूथ वैलफेयर बलजीत सिंह सेखों भी मौजूद थे।
बिना बोले कह दिया सब कुछ माइम में विभिन्न कालेजों के स्टूडैंट्स ने बिना कुछ बोले कई संदेश दिए। बीबीके डीएवी कॉलेज फॉर विमन की स्टूडैंट्स ने सामाजिक कुरीतियों पर प्रकाश डाला, तो बीडी आर्य गल्र्स कॉलेज जालंधर कैंट ने द्रोपदी चीर हरण के दृश्य प्रस्तुत किए। खालसा कॉलेज फॉर विमन की स्टूडैंट्स ने लड़की का धोखे से बनाए गए अश्लील एमएमएस की व्यथा को दर्शाया। डीएवी कॉलेज जालंधर ने समुद्र में किश्ती चला रहे, नाविकों के संगठन की कहानी को बयान किया। डीएवी कॉलेज अमृतसर ने जलियांवाला बाग का दृश्य पेश किया।
हिस्ट्रोनिक्स, मिमिक्री, फैंसी ड्रैस और वन एक्ट प्ले हिस्ट्रोनिक्स में एक साथ कई करेक्टर्स कर पार्टीसिपेंट्स ने खूब तालियां बटोरीं। मिमिक्री में स्टूडैंट्स ने तरह-तरह की आवाजें निकालीं। विभिन्न कलाकारों, जानवरों की आवाजों के साथ-साथ पानी के गिरने और शंख बजने की आवाज भी स्टूडैंट्स ने निकाली। फैंसी ड्रैस कंपीटिशन में कॉलेज के विद्यार्थियों ने जंगली, जोकर, चाइनीज विमन आदि पोशाक पहनकर वाह-वाही लूटी। वन एक्ट प्ले से स्टूडैंट्स ने पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव, विदेश जाने की ललक जैसे संदेश दिए। दूसरी स्टेज महाराजा रणजीत सिंह ऑडिटोरियम में क्लासीकल इंस्ट्रूमैंटल के मुकाबले हुए। इसी स्टेज पर सैमी क्लासीकल वोकल में पार्टीसिपेंट्स की सुरों की तान सुनकर सभी ने खूब तालियां बजाई।
हस्त कला के जौहर दिखाए थर्ड स्टेज इंडोर जिम्नेजियम हाल में लगाई गई। यहां विद्यार्थियों ने हस्त कला में जौहर दिखाए। इस स्टेज पर फुलकारी, रंगोली, फ्लावर अरेंजमेंट (फ्रैश), फ्लावर अरेंजमेंट (ड्राई) में विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों ने कलाकारी के उत्तम नमूने पेश किए।