सिरसा. शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से स्कूलों में लागू की गई सेमेस्टर प्रणाली अब नए शिक्षा सत्र से विश्वविद्यालयों में भी लागू होगी। इस संबंध में उच्चत्तर शिक्षा निदेशालय द्वारा प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इसके तहत नए शिक्षा सत्र 2008-09 में सभी विभागों व विषयों में सेमेस्टर सिस्टम शुरू होगा। सेमेस्टर प्रणाली में ए से ई तक ग्रेडिंग प्रणाली लागू होगी। इसके अलावा 12वीं कक्षा के बाद शुरू होने वाले सभी कोर्स भी विश्वविद्यालयों में शुरू होंगे।
ये सभी कोर्स 5 वर्ष की अवधि के होंगे ताकि 12वीं कक्षा पास करने के बाद विद्यार्थी कॉलेज में जाने की बजाय सीधे विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सके। 12वीं कक्षा में मौजूदा कोर्स के अलावा जरूरत के अनुसार अन्य कोर्स भी शुरू किए जा सकते हैं। इसके लिए अभी से रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। मीटिंग में सेमेस्टर सिस्टम को लागू करने की पूर्ण तैयारी मार्च 2008 तक पूरी करने की हिदायत दी गई है ताकि कोई समस्या पैदा न हो।
क्या होगा फायदा विश्वविद्यालय स्तर पर सेमेस्टर सिस्टम शुरू होने से विद्यार्थियों को एक साथ पूरी पुस्तक पढ़ने से निजात मिलेगी। अलग-अलग भागों में सिलेबस विभाजित होगा जो पढ़ने में आसान रहेगा। इसके साथ ही विद्यार्थी 12वीं के बाद सीधे विश्वविद्यालय में दाखिला ले सकेगा।
तैयारी शुरू कर दी है उच्चत्तर शिक्षा निदेशालय ने विश्वविद्यालयों में सभी विषयों में सेमेस्टर सिस्टम शुरू करने के आदेश दिए है जो शिक्षा सत्र 2008-09 से लागू होगा। इसके अलावा 12वीं के बाद सीधा यूनिवर्सिटी में भी एडमिशन लिया जा सकेगा। विश्वविद्यालय ने इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू दी हैं। -डॉ. वजीर सिंह नेहरा, रजिस्ट्रार, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा