रायपुर. माओवादियों की हिटलिस्ट में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के सबसे ऊपर होने की खबरों के बाद केंद्र सरकार ने कहा है कि सिंह केंद्रीय सुरक्षा बलों के कवच के भीतर रहें।
मुख्यमंत्री से जुड़े सूत्रों ने बताया कि इंटेलीजेंस और अन्य एजेंसियों की रिपोर्ट में कहा गया है कि छग के मुख्यमंत्री रमन सिंह माओवादियों का पहला निशाना हैं और इन रिपोर्टो के अध्ययन के बाद केंद्र ने सिंह की सुरक्षा को लेकर कहा है कि वे केंद्रीय सुरक्षा दस्ते के सुरक्षा कवच के अंदर रहें।
सूत्रों ने बताया कि केंद्र ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने रमन सिंह से इस बारे में बातचीत भी की है। सूत्रों ने बताया कि पहले ही रमन सिंह को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है और केंद्र द्वारा इसे और कड़ा व अपग्रेड करने की सलाह के बाद अब तक राज्य सरकार ने इस बाबत कोई निर्णय नहीं लिया है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों बिहार में एक शीर्ष माओवादी नेता के गिरफ्तार होने के बाद सामने आया था कि रमन सिंह द्वारा माओवाद के विरोध में लगातार चलाए जा रहे अभियान सलवा जुडूम से माओवादी खासे नाराज हैं और वे रमन सिंह की हत्या के लिए कमर कस चुके हैं।