HomeNewsNational National

हुर्रियत का आर्थिक मददगार देश से फरार!

नई दिल्ली. कश्मीर के अलगाववादी संगठन हुर्रियत कांफ्रेंस का ‘आर्थिक दिमाग’ कहा जाने वाला कथित हवाला कारोबारी नासिर सफी मीर पैरोल पर छूटने के बाद फरार हो गया है। ऐसा माना जा रहा है कि वह देश छोड़कर भाग गया है। दिल्ली की एक अदालत ने उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है।

दिल्ली पुलिस ने मीर के कई ठिकानों पर छापे मारे। आशंका जताई जा रही है कि या तो वह नेपाल भाग गया है, या फिर जाली पासपोर्ट के सहारे देश छोड़कर फरार हो गया है।

कई दिनों से था गायब : हुर्रियत के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूख के आर्थिक मददगार मीर की फरारी का पता उस समय चला, जब इस माह की शुरुआत से ही वह न तो नजदीकी थाने में हाजिरी देने पहुंचा और न ही अदालत में पेशी पर उपस्थित हुआ। दिल्ली पुलिस द्वारा पिछले साल फरवरी में गिरफ्तार किए गए 37 वर्षीय मीर को स्वास्थ्य के आधार पर पैरोल पर छोड़ा गया था। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आखिरी बार वह दक्षिण दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में मीर वाइज उमर फारूख के साथ देखा गया था।

भागा या भगाया गया? सरकार के नजदीकी सूत्र बताते हैं कि हुर्रियत अध्यक्ष ने केंद्र से संवाद शुरू करने की पूर्व शर्तो में मीर की रिहाई का मुद्दा रखा था। यह बात एक केंद्रीय मंत्री ने सरकार तक पहुंचाई थी। श्रीनगर के एक होटल व्यवसायी ने मीर को पैरोल दिलवाने के लिए काफी दौड़-भाग भी की थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: