News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. सेंट्रल एक्साइज की टीम ने राजधानी की एक गुटखा फैक्ट्री पर छापा मारकर करीब 35 लाख रुपए की टैक्स चोरी पकड़ी है। उसने कल ही फैक्ट्री मालिक को अदालत में पेश किया। विभाग के अपर आयुक्त (निवारक) डा. संजय अग्रवाल के निर्देश पर टीम ने शांतिनगर की एक गुटखा फैक्ट्री, उसके मालिक के घर और व्यावसायिक परिसर पर 15 नवंबर को धावा बोला।
छापे की कार्रवाई में पता चला कि फर्म का मालिक चंपालाल जैन है। वह अवैध रूप से गुटखा और पान मसाला बनाने के कारखाने चला रहा था। उसके यहां चाचाश्री, स्वामी गोल्ड, स्वामी पान मसाला ब्रांड के गुटखे बनाए जा रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान विभाग को श्री जैन के यहां परिसर में चार मशीनों पर तीन-चार ब्रांड के गुटखे और पान मसाला बनाने का पता चला। अचानक छापा पड़ने वहां हड़कंप मच गया। अफसरों ने फैक्ट्री सहित अन्य स्थानों को सील कर दिया।
अधिकारियों के मुताबित श्री जैन को नियमानुसार विभाग को एक परिसर में चार मशीनें लगाने की जानकारी देनी थी। कर चोरी के इरादे से उन्होंने लाइसेंस लेते समय विभाग को इसकी जानकारी नहीं दी। तलाशी के दौरान संदिग्ध दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। अफसरों को उम्मीद है कि इनसे लाखों रुपए की कर चोरी का खुलासा होगा। विवेचना अभी भी जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री मालिक श्री जैन को 17 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत में प्रस्तुत किया गया। सूत्रों का कहना है कि विभाग के निशाने पर अभी और फैक्ट्रियां हैं जिन पर जल्दी ही कार्रवाई संभावित है।