HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

दुधमुंहे की आहार नली की सर्जरी

रायपुर. आंबेडकर अस्पताल के आधा दर्जन डाक्टरों की टीम ने एक जटिल आपरेशन के जरिए न सिर्फ छत्तीसगढ़ में नया कारनामा अंजाम दिया, बल्कि तीन दिन के नवजात की जान भी बचा ली। रिशू नाम के इस दुधमुंहे की आधी आहार नली बंद थी। इसे नया बनाकर और बढ़ाकर पेट से जोड़ा गया। ऐसा नहीं होता तो बच्चे की जान को खतरा था।

सर्जरी विभाग से डा. मनोज गोयल, डा. ओपी राज, एनस्थीसिया से डा. केके सहारे, डा. रश्मि व डा. चंद्रमणी की टीम ने यह मुश्किल आपरेशन किया। इस बच्चे को किसी महिला ने शैलेंद्रनगर स्थित मदर टेरेसा आश्रम में छोड़ दिया था। बच्चे की गंभीर हालत देखकर मिशन वालों ने उसे अस्पताल में भर्ती किया।

जांच में डाक्टरों ने पाया कि गले के पास से ही उसकी आहार नली बंद है और पेट से आ रही नली पूरी की पूरी श्वांस नली से जुड़ी हुई है। कुछ घंटे में ही डाक्टरों ने आपरेशन का फैसला किया और एक दिन बाद का समय तय कर दिया।

डाक्टरों ने बताया कि आपरेशन कर पेट की नली को श्वास नली से अलग किया गया। फिर उस नली को खाद्य नली से जोड़ा गया। आपरेशन के बाद बच्चे ने अब तक आंखें नहीं खोली हैं। उसे गहन चिकित्सा कक्ष में रखा गया है, लेकिन डाक्टरों ने हालत सामान्य बताई है।

इस मासूम की देखभाल मिशनरी के लोग ही कर रहे हैं। चूंकि वह आईसीयू में है, इसलिए अभी पैरामेडिकल स्टाफ की देखरेख में है। तीन दिन के इस शिशु को दूध पिलाने वाला भी कोई नहीं है। डाक्टरों ने कहा कि बच्चे की मां का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: