भोपाल/ सूरत. तुर्की के एक कंप्यूटर हैकर ग्रुप द्वारा पिछले दिनों गोवा सरकार की वेबसाइट को हैक करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ है कि सूचना तकनीक के क्षेत्र की एक कंपनी सायमंटेक इन्फॉर्मेशन कापरेरेशन ने भोपाल, सूरत और हैदराबाद के भी ऐसे हैकरों के निशाने पर होने का दावा किया है। कंपनी द्वारा जारी हुई इंटरनेट सिक्योरिटी थ्रेट रिपोर्ट (आईएसटीआर) में बताया गया है कि सायबर क्रिमिनल्स अब टायर-2 क्लास के शहरों को भी अपना निशाना बना रहे हैं।
पोर्ट के अनुसार भारत में सायबर क्राइम इतनी तेजी से बढ़ रहा है कि महानगरों के लगभग तीन करोड़ इंटरनेट उपभोक्ता आसानी से इसके शिकार बन सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, अगर कंप्यूटर और इंटरनेट उपयोगकर्ता अब भी सजग नहीं हुए तो इस प्रकार के मामले लगातार बढ़ते ही जाएंगे।
कौन-कौन से शहर निशाने पर:
देश के मेट्रो शहर दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरू, कोलकाता के अलावा अब भोपाल, हैदराबाद, सूरत और पुणो भी हैकर्स के निशाने पर हैं।
नुकसान का तरीका
सायबर क्रिमिनल्स बेडकोर, ट्रोजन, स्पायवेयर सॉफ्टवेयर द्वारा नुकसान पहुंचाते हैं। हैकर्स इस प्रकार के सॉफ्टवेयर ई-मेल द्वारा कंप्यूटर में प्रवेश करवा देते हैं, जो धीमे जहर की तरह धीरे-धीरे समूचे शहर के कंप्यूटरों में प्रवेश कर जाते हैं। इन हैकर्स का मकसद बड़े आर्थिक प्रतिष्ठानों से आंकड़े चुराकर आर्थिक अपराधों के लिए उनका इस्तेमाल करना है।
हैकर्स से बचने के लिए
एंटी स्पायवेयर, एंटी मालवेयर सॉफ्टवेयर और फॉयर वॉल का उपयोग करना चाहिए।
अनचाहे ई-मेल को ओपन न करें।
किसी अनजान व्यक्ति को क्रेडिट कार्ड व बैंक एकाउंट नंबर की जानकारी न दें।