News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. उच्च न्यायालय के निर्देश पर नगर निगम ने सोमवार को गांधी नगर व कांति नगर से अतिक्रमण हटाए। यहां 77 घरों के सामने बना लिए गए रैम्प, चबूतरे, दासे व ट्रीगार्ड तोड़े गए। निगमायुक्त ने शनिवार को ही निर्देश जारी कर दिए थे कि सोमवार से घरों के बाहर से अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
इसके बाद निगम का मदाखलत दस्ता सुबह क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक दस पर एकत्र हुआ और गांधी नगर में कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई शुरू होते ही लोगों में हड़कम्प मच गया। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और मदाखलत दस्ते पर पक्षपात का आरोप लगा कर कार्रवाई बाधित करने का प्रयास किया।
गांधी नगर के बाद मदाखलत दस्ते ने कांति नगर में कार्रवाई शुरू की। यहां लोगों ने मदाखलत दस्ते से स्वयं ही अतिक्रमण हटाने का समय मांगा। जबकि कुछ लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिए। यहां कालोनी निवासियों की रजामंदी से सार्वजनिक रास्ते पर गेट लगा लिया गया था जिसे मदाखलत दस्ते ने स्थानीय लोगों के विरोध के बाद तोड़ कर रास्ता क्लियर किया।
कार्रवाई के दौरान निगम के सिटी प्लानर विष्णु खरे, सहायक यंत्री एपीएस जादौन, उपयंत्री प्रमोद चौहान, क्षेत्राधिकारी विजय श्रीवास्तव, मदाखलत अधिकारी बालकदास मौर्य समेत निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे। यह कार्रवाई मंगलवार को भी जारी रहेगी।