News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. जिला न्यायालय में बम रखे होने की सूचना से सोमवार की सुबह न्यायालय परिसर में सनसनी फैल गई। पुलिस, डॉग और बम डिस्पोजल स्क्वाड ने ढाई घंटे तक न्यायालय के कोने-कोने की तलाशी ली। जब बम की सूचना अफवाह निकली तब कहीं जाकर न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों की परेशानी खत्म हुई।
जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह लगभग साढ़े दस बजे एसपी ऑफिस के लैण्डलाइन फोन नंबर पर एक फोन कॉल पहुंचा। कॉल, एसपी के स्टेनो ने रिसीव किया। फोन करने वाले ने बताया कि इंदरगंज क्षेत्र के जिला न्यायालय परिसर में बम रखा हुआ है। इस पर स्टेनो ने कहा कि वह इसकी सूचना इंदरगंज थाने और पुलिस कन्ट्रोल रूम को दे दे।
फोन करने वाले ने कहा कि वहां फोन कोई रिसीव नहीं कर रहा है। एसपी ऑफिस के कर्मचारी ने फोन करने वाले की पहचान भी पूछी लेकिन यह सुनते ही उसने फोन डिसकनेक्ट कर दिया।
प्रारंभिक रूप से पुलिस अफसरों को इसकी सूचना दी गई, उन्हें जिला न्यायालय में बम होने की खबर पर भरोसा नहीं हुआ ? लेकिन एहतियात के तौर पर जिला न्यायालय में तलाशी अभियान शुरू करवा दिया गया। टीआई इंदरगंज राकेश गुप्ता के नेतृत्व में स्निफर डॉग, बम डिस्पोजल स्क्वाड जिला न्यायालय परिसर पहुंचा और तलाशी शुरू कर दी।
कोर्ट में बम..
पुलिस और स्क्वाड्स ने न्यायालय परिसर में रखे सामान, अभिभाषक कक्ष, कैंटीन, न्यायालय कक्ष, हवालात आदि स्थानों की तलाशी ली लेकिन कहीं से भी बम या बम जैसी कोई चीज नहीं मिली। पुलिस का यह तलाशी अभियान सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 1.30 बजे तक ढाई घंटे चला।
नई सड़क के पीसीओ से किया गया था फोन:
पुलिस ने न्यायालय परिसर की तलाशी करवाने के साथ-साथ उस फोन नंबर की तलाश भी शुरू कर दी जिससे फोन कॉल एसपी ऑफिस किया गया था। पुलिस को इस काम में जल्द ही सफलता मिल गई।
टीआई राकेश गुप्ता के मुताबिक फोन नंबर 98930-54516 से जिला न्यायालय में कथित बम होने की सूचना दी गई थी। पुलिस को पता चला कि यह नई सड़क के बावन पायगा स्थित एक पीसीओ का फोन नंबर है।
इस मामले में पीसीओ संचालक से भी पूछताछ की गई तो पता चला कि सुबह लगभग साढ़े दस बजे मुंह पर रुमाल बांधे, सामान्य कद-काठी का एक लड़का फोन पर यह सूचना देकर गया था।
पहले भी मिल चुकी हैं, झूठी सूचनाएं:
सार्वजनिक स्थलों पर बम होने की सूचना पुलिस को पहली बार नहीं मिली है। पिछले लगभग डेढ़ साल दो बार झूठी सूचनाएं पुलिस को परेशान कर चुकी हैं। पहली बार विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र में स्थित संचार भवन में बम होने की सूचना मिली थी।
दूसरी बार फालका बाजार स्थित एक स्कूल में बम होने की सूचना ने पुलिस को परेशान कर दिया था। सोमवार की सुबह मिली इस तीसरी सूचना से भी पुलिस कम परेशान नहीं हुई। इस बीच में ट्रेन में बम होने की सूचना भी दो बार पुलिस को मिली है, लेकिन यह भी कोरी अफवाह ही साबित हुई।