News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री अजय चंद्राकर ने जिला पंचायतों को बकाएदार पंचायत प्रतिनिधियों से वसूली की कार्रवाई के लिए प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। जिले में 562 पंचायत प्रतिनिधियों पर 1.40 करोड़ रुपए बकाया है।
शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को विकास कार्यो के लिए समय-समय पर राशि प्रदान की जाती है। जिले के अनेक विकासखंडों के पंचायत पदाधिकारियों ने राशि आहरण के बाद उसका उपयोग नहीं किया और न ही राशि वापस लौटाई। जिले के 562 सरपंच, पूर्व सरपंच एवं जनपद अध्यक्षों पर पिछले करीब 10 वर्षो से 1.40 करोड़ रुपए बकाया है।
शासन ने बकाएदार पंच परमश्वरों से राशि वसूलने के लिए सख्त हिदायत दी है। पंचायत मंत्री के निर्देश पर जिला पंचायत के सीईओ सिद्धार्थ कोमल सिंह ने जिले के सभी एसडीएम को पंचायत पदाधिकारियों से राशि वसूलने के लिए आरआरसी की कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए पत्र लिखा है।
उल्लेखनीय है कि पंचायत प्रतिनिधियों जिनमें सरपंच एवं जनपद पंचायत के अध्यक्ष भी शामिल हैं, ने शासन की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत राशि का आहरण तो कर लिया, परंतु उसका उपयोग जनहित में नहीं किया गया।
यह रकम पंचायत पदाधिकारियों के नाम पर चढ़ गई। बकाएदारों की सूची में कांग्रेस एवं भाजपा दोनों ही पार्टियों के ओहदेदार शामिल थे। इसलिए उनके खिलाफ वसूली के मामले में लगातार हीला-हवाला किया जाता रहा।