अजमेर. वन महकमे ने सोमवार को शोकलिया क्षेत्र में राज्य पक्षी गोडावण की गिनती कराई। वनकर्मियों को गणना के दौरान राज्य पक्षी की उपस्थिति के प्रमाण मिले हैं। विभिन्न रेंजों से मंगलवार को गणना की रिपोर्ट मिलने की संभावना है।
महकमे ने नसीराबाद और सरवाड़ रेंज के दायरे में आने वाले क्षेत्र के सभी 43 गांवों में वनकर्मियों से गोडावण की गिनती कराई। सहायक वन संरक्षक जेपी भाटी ने क्षेत्र का लगभग 80 प्रतिशत क्षेत्र कवर करने की जानकारी दी।
वनकर्मियों का कहना है कि मौके पर कहीं भी गोडावण के अंडे नहीं मिले हैं। माना जा रहा है कि इस समय गोडावण का प्रजनन काल नहीं है। डीएफओ प्रियरंजन ने बताया कि वे जयपुर में बैठक में व्यस्त रहे। उनके पास गणना की रिपोर्ट नहीं आई है। संभवतया मंगलवार को दोनों रेंजों से उन्हें गणना में लगे वनकर्मियों द्वारा सौंपे प्रपत्र प्राप्त हो जाएंगे।
संख्या बताने से कतराए :
महकमे का दावा है कि पिछली गणना में क्षेत्र में 4-5 गोडावण नजर आए थे। सोमवार को क्षेत्र में किस गांव में किस वनकर्मी को गोडावण नजर आया, इस सवाल के जवाब से सभी छोटे-बड़े अधिकारी कतराते रहे। मौके पर गए वनकर्मी भी इस बारे में खुलकर कोई जवाब नहीं दे पाए। अफसरों की चुप्पी से क्षेत्र में गोडावण की संख्या फिर संदेह के घेरे में नजर आ रही है।